हिमाचली गबरू के दम पर भारत का विजय आगाज़, बीच वर्ल्ड कोर्फबाल प्रतियोगिता में जीता पहला मैच

अजय रांगड़ा— मंडी

थाइलैंड के पट्टाया शहर में चल रहे बीच वल्र्ड कप कोर्फबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन के साथ जीत का आगाज़ किया है। हिमाचल से भारतीय टीम के चयनित कप्तान विशाल शर्मा ने अकेले तीन गोल दागकर जापान की टीम को हराया। भारतीय टीम के खिलाडिय़ों ने जापान को 8-3 के अंतर से हराकर पहला मैच जीता है। पहले मैच में भारतीय टीम के कप्तान विशाल शर्मा और यामिनी हिमाचल का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। भारतीय टीम के कोच विनोद ठाकुर ने बताया कि भारतीय टीम शुरुआत के पहले मैच में उम्मीदों से ज्यादा प्रदर्शन करके जापान देश के खिलाडिय़ों को एकतरफा मुकाबले से पराजित किया। 8-3 गोल के अंतर से मैच जीतने में भारतीय टीम के कप्तान विशाल शर्मा के सबसे अधिक तीन गोल किए हैं। भारतीय टीम का अगला मुकाबला आस्ट्रेलिया, सिंगापुर व मलेशिया से होगा।

इन देशों में भारतीय टीम सबसे मजबूत टीम मानी जा रही है। भारतीय टीम में कप्तान विशाल शर्मा, यामिनी ढिल्लों (रामपुर बुशहर) हिमाचल, रजत शर्मा राजस्थान, सोलोमन राव तमिलनाडु, राजीव राजस्थान, शिवानी जम्मू-कश्मीर, तनिशा और परिधि राजस्थान सहित आठ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहला मैच जीतने पर अखिल भारतीय कोर्फबाल संघ के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा, उपाध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव बीआर सुमन, अशोक कुमार हरियाणा, देव भलारियां ने प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने बताया कि टीम के खिलाडिय़ों से अगले मैच में इससे अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है। (एचडीएम)