रोड शो को लेकर लोगों में उत्साह, आप नेता ढांडा ने जींद में समर्थकों के साथ निकाली बाइक रैली

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

आम आदमी पार्टी के स्टेट सीनियर वाइस प्रेजिडेंट अनुराग ढांडा शनिवार को जींद पहुंचे। उन्होंने सुबह साढ़े 10 बजे रानी तालाब से लेकर न्यू कृष्णा कॉलोनी तक आठ जून को होने वाली तिरंगा यात्रा को लेकर सैंकड़ों समर्थकों के साथ बाइक रैली निकाली और जींद वासियों को कार्यक्रम का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि आठ जून को दिल्ली मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद और पंजाब मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान के रोड शो को लेकर जींद के लोगों में भरपूर उत्साह है। जींद में आम आदमी पार्टी के शंखनाद की गूंज पूरे प्रदेश तक जाएगी। उन्होंने जाट धर्मशाला में प्रेस वार्ता में बोलते हुए कहा कि जींद का इस्तेमाल हर पार्टी ने राजनीतिक रूप से किया है, लेकिन कभी विकास नहीं हुआ। इसीलिए आम आदमी पार्टी ने जींद को चुना है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार का नींव का पत्थर रखने के लिए अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान आएंगे। उन्होंने कहा कि जींद की जनता में आम आदमी पार्टी के लिए जबरदस्त उत्साह है। एक नई राजनीति के लिए जनता में गजब का उत्साह है। सभी विधानसभाओं के हरेक घर में जाकर न्योता देंगे। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा में 25 साल राज कियाए कुछ नहीं किया। लोगों की बेसिक जरूरतें वैसी की वैसी हैं। वहीं बीजेपी को 8 साल राज करते हो गए। प्रदेश में कुछ नहीं बदला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हाल में ही लगभग 1150 सदस्यों का जिला स्तर तक के संगठन की घोषणा की है।