सरकारी योजनाओं की फीडबैक, सीएम खट्टर ने फरीदाबाद लोकसभा हलके के जनप्रतिनिधियों से जाने सुझाव

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को त्वरित करने के लिए और योजनाओं का लाभ सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटे बिना जनसाधारण को मिले, इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम आरंभ किया है, जो कारगर सिद्ध हो रहा है। अभी हाल ही में भारी बारिश व बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले 35 लोगों के परिवारों को आर्थिक सहायता के तौर पर राज्य सरकार ने चार-चार लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की है। इतनी जल्दी इस प्रकार से राहत राशि को पहुंचाना केवल ऑनलाइन प्रक्रिया के कारण ही संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री बुधवार को उनके निवास संत कबीर कुटीर पर फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों व प्रबुद्ध व्यक्तियों के साथ बैठक कर रहे थे।

उन्होंने सभी से विधानसभावार सरकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक और सुझाव लिए। मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि यह सरकार पोर्टल की सरकार है, इस बात को हम गर्व के साथ स्वीकार करते हैं कि हमारी सरकार ने 100 से अधिक पोर्टल बनाये हैंए जिसके चलते लोग चंडीगढ़ आए बिना ही अपने घर से मोबाइलए लैपटॉप व नागरिक सेवा केंद्रों से अपना कार्य ऑनलाइन करते हैं। पहले चंडीगढ़ आने में पैसा तो खर्च होता ही थी साथ ही समय की बर्बादी भी होती थी। कई बार तो अधिकारियों से मिले बिना ही लोगों को वापिस जाना पड़ता था। लोग चंडीगढ़ मुख्यालय के अधिकारियों से मिलना महाभारत समझते थे। अप्रैल, 2023 से आरंभ किए गए संवाद कार्यक्रम में अब तक 7 लोकसभा क्षेत्रों की 63 विधानसभाओं के जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध व्यक्ति, विभिन्न प्रशासनिक सचिव एक साथ बैठकर सरकारी योजनाओं व विकास कार्यों के बारे चर्चा कर चुके हैं।