PUNJAB: इंडिया ब्लॉक ने BJP पर बोला हमला, चुनाव को असंवैधानिक-भाजपा की धोखाधड़ी दिया करार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़

चंडीगढ़ मेयर चुनावों को लेकर इंडिया ब्लॉक ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फें्रस कर मेयर चुनाव को असंवैधानिक और भाजपा की धोखाधड़ी करार दिया। आप नेता राघव चड्ढा, कांग्रेस नेता पवन बंसल, आप चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह, आप नेता प्रेम गर्ग और कांग्रेस के चंडीगढ़ अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के इस कृत्य को देशद्रोह और संविधान के साथ विश्वासघात बताया और चुनाव को खारिज किया। मीडिया को संबोधित करते हुए आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर का चुनाव भाजपा द्वारा किया गया एक फर्जीवाड़ा था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस मेयर चुनाव में जो किया है, वह असंवैधानिक, अवैध, राष्ट्रविरोधी और देशद्रोह है। चड्ढा ने कहा कि हर कोई जानता है कि इंडिया ब्लॉक के पास 20 वोट थे और भाजपा के पास 16 थे।

इसलिए भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रची। चड्ढा ने कहा कि पहले पीठासीन अधिकारी बीमार पड़ गए और उन्होंने चुनाव को छह फरवरी तक के लिए टाल दिया, लेकिन जब हमने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, तो चुनाव के लिए 30 जनवरी की नई तारीख तय की गई। 18 जनवरी को चुनाव रद्द करने के बाद भाजपा ने अपने ऑपरेशन लोटस को अंजाम देने की कोशिश की और लेकिन जब वे इसमें सफल नहीं हुए, तो उन्होंने अनिल मसीह जो एक भाजपा नेता और उनके अल्पसंख्यक विंग के सचिव भी हैं, उनको नया पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि मतगणना के समय उनकी पार्टियों के किसी भी चुनाव एजेंट को मतगणना टेबल के पास जाने की इजाजत नहीं थी, जबकि यह नियम है कि सभी चुनाव एजेंट गिनती के समय मौजूद रहते हैं, जो भी वोट अवैध घोषित होता है, उसे सबसे पहले एजेंट को दिखाया जाता है।