हरमोहन धवन को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, चंडीगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—चंडीगढ़

चंडीगढ़ की राजनीति में दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन (83 साल) पंचतत्व में विलीन हो गए। शनिवार शाम को हरमोहन धवन का मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था। हरमोहन धवन लंबे समय से बीमार चल रहे थे। चंडीगढ़ के सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में उन्हें अंतिम विदाई दी गई। यहां राजकीय सम्मान के साथ धवन का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान हरमोहन धवन के पारिवारिक लोगों के अलावा पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, पूर्व सांसद पवन बंसल, संजय टंडन समेत बीजेपी और कांग्रेस के कई सीनियर नेता सहित बड़ी संख्या में चंडीगढ़ वासियों ने अपने लोकप्रिय नेता को नम आंखों के साथ विदाई दी। उनके समर्थकों ने हरमोहन धवन अमर रहें के नारों की बीच अपने नेता को श्रद्धांजलि देने के बाद विदाई दी।

बता दें कि इससे पहले हरमोहन धवन का पार्थिव शरीर चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजली अर्पित करने के लिए रखा गया था। इस मौके पर चंडीगढ़ शहर के कोने-कोने से उनके प्रशसंक अपने नेता को भावभिन्नी श्रद्धांजलि देने के पहुंचे। हरमोहन धवन चंडीगढ़ की राजनीति के भीष्म पितामह कहे जाते थे। धवन बहुत सुलझे हुए और सॉफ्ट नेता थे। उनमें जो समाजवादी निष्ठा थीए वह उन्हें और नेताओं से हमेशा ही अलग बनाती थी। हरमोहन धवन ने खुद को बहुत निचले और सामान्य स्तर पर ही रखा।