यमुनानगर में अवैध होर्डिंग्स-फ्लैक्स हटाए, नगर निगम की कार्रवाई, शहर की सुंदरता को लगा रहे थे ग्रहण

निजी संवाददाता— यमुनानगर

नगर निगम ने शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स, फ्लैक्स बोर्ड, बैनर हटाए। नगर निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाकर इन बोर्डों व फ्लेक्स को हटाया। यह होर्डिंग व फ्लेक्स शहर के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट के पोल, विभिन्न चौकों, पार्कों की दीवारों व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए हुए थे। बिना अनुमति से लगाए गए ये फ्लेक्स व होर्डिंग जहां शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे थे, वहीं निगम को लाखों रुपए के राजस्व का नुकसान भी हो रहा था। निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग और फ्लैक्स हटाने के लिए वार्ड एक से सात तक एटीपी मुनेश्वर भारद्वाज व वार्ड आठ से 22 तक एटीपी लख्मी सिंह तेवतिया के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया। शुक्रवार को जेई पंकज व जेई प्रतीक नागपाल की टीमों ने जगाधरी जोन में सिविल लाइन, जगाधरी रोड, रेलवे रोड व अन्य मुख्य मार्गों पर निगम की अनुमति के बिना अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग्स, फ्लैक्स बोर्ड, बैनर व पोस्टर हटाए। इसी तरह यमुनानगर जोन में वर्कशॉप रोड, रेलवे रोड, गोविंदपुरी मार्ग व अन्य सडक़ों के डिवाइडरों, चौकों, स्ट्रीट लाइट के पोल व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग व फ्लैक्स बोर्ड हटाए। निगम कर्मियों ने इन होर्डिंग व बैनरों को उतारकर वाहनों में लोड कर निगम के गोदाम में पहुंचाया।

अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि कुछ लोगों ने शहर में बिना निगम की अनुमति लिए अवैध रूप से होर्डिंग व फ्लैक्स बोर्ड लगाए हुए थे। जो अवैध हैं। निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर इन अवैध होर्डिंगए पोस्टर व बैनर को हटाया गया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की अनुमति के बिना कोई भी होर्डिंग और बैनर न लगाए। बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग व फ्लैक्स बोर्ड को हटाकर जब्त कर लिया जाएगा। अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार ने कहा कि शहर को सुंदर बनाने में सभी शहरवासी सहयोग करें।