पूर्व विधायक रमेश खटक सिरसा से लड़ेंगे चुनाव

जननायक जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पांच प्रत्याशियों की पहली सूची की जारी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — चंडीगढ़

जननायक जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए पांच प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने सिरसा लोकसभा से पूर्व विधायक रमेश खटक को मैदान में उतारा है। रमेश खटक साल 1991, 1996 और 2000 में बरोदा से विधायक रहे हैं। जेजेपी के वरिष्ठ नेता एवं अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष हैं। वहीं, हिसार से विधायक नैना सिंह चौटाला को प्रत्याशी बनाया गया है। अब हिसार में ससुर-बहू के बीच मुकाबला होगा। नैना चौटाला हिसार से भाजपा के उम्मीदवार रणजीत चौटाला की बहू हैं। नैना चौटाला फिलहाल बाढड़ा विधानसभा से विधायक हैं।

इससे पहले वे डबवाली विधानसभा से भी विधायक रह चुकी हैं। नैना चौटाला ने महिलाओं को राजनीति के प्रति जागरूक करने के लक्ष्य से ‘हरी चुनरी चौपाल’ के सफल कार्यक्रम प्रदेशभर में किए है। नैना चौटाला की मांग पर हरियाणा में महिलाओं को पंचायती संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण, राशन डिपो में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी मिलने जैसे अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए है। जजपा ने भिवानी-महेंद्रगढ़ से पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। राव बहादुर सिंह जेजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला की जन आक्रोश यात्रा के दौरान के पुराने साथी रहे हैं। वे 2009 में नांगल चौधरी से विधायक रहे हैं।