Haryana News : मैं आपका भाई पहले, मुख्यमंत्री बाद में

यमुनानगर के छछरौली में विजय संकल्प रैली में कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम नायब सिंह सैनी

निजी संवाददाता — यमुनानगर
यमुनानगर की छछरौली विजय संकल्प रैली एवं अपने अभिनंदन समारोह में उमड़े जनसैलाब के बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं आप लोगों का भाई पहले हूं और मुख्यमंत्री बाद में हूं। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने विपक्ष को घमंडिया गठबंधन कहकर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए घमंडिया गठबंधन के पास न नीति है, न नीयत है और न ही नेतृत्व है। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा के पास राष्ट्र को विकसित बनाने की नीति है, मोदी जैसा प्रभावशाली नेतृत्व है और देश को समृद्ध करने के लिए साफ नीयत है। जबकि कांग्रेस का लक्ष्य झूठ और भ्रम फैलाकर सत्ता प्राप्ति करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सत्ता के माध्यम से सेवा करना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील भी की। कार्यक्रम में बोलते हुए कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और विपक्ष हमलावर रहे। बुधवार को यमुनानगर की छछरौली अनाज मंडी में आयोजित समारोह में पहुंचने पर नायब सैनी का भाजपा पदाधिकारियों द्वारा पगड़ी पहनाकर व गदा भेंटकर भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर आढ़तियों ने नायब सैनी को भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भेंट की और सैनी समाज ने भी फूल मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। स्वागत से गदगद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि मैं आप लोगों का भाई पहले हूं और मुख्यमंत्री बाद में। उन्होंने कहा कि यह सम्मान आप सभी का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मैं आपके सम्मान की सदा रक्षा करूंगा। सीएम नायब सैनी ने कहा कि मोदी और डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्षों में लाजवाब काम किए हैं।