पंचकूला अस्पताल में कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल, डॉक्टरों के नाम न होने पर उठाए सवाल, अफरातफरी का माहौल
निजी संवाददाता- पंचकूला
मरीज आशीष कुमार की मौत के मामले में छह नर्सिंग अधिकारियों के निलंबन के बाद जिला नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 में हडक़ंप मच गया। निलंबन के विरोध में एचकेआरएन और नर्सिंग स्टाफ के करीब 250 कर्मचारी सुबह 9 बजे से हड़ताल पर चले गए। देखते ही देखते इमरजेंसी, ओपीडी और कार्ड विंडो पर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। इलाज के लिए आए मरीज और उनके तीमारदार घंटों भटकते रहे। सुबह हड़ताल शुरू होते ही अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई। कार्ड विंडो खाली पड़ी थी, ओपीडी में पर्ची नहीं कट रही थी और इमरजेंसी में भी स्टाफ नदारद था। दूर-दराज से आए मरीजों को समझ नहीं आ रहा था कि जाएं तो कहां जाएं। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे कतारों में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते रहे। सूचना मिलते ही पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने मोर्चा संभाला और पूरे अस्पताल का जायजा लिया। जिन विंडो और काउंटरों पर कर्मचारी नहीं थे, वहां अपने ऑफिस का स्टाफ लगाया गया। वहीं, इमरजेंसी में भी वैकल्पिक व्यवस्था कर मरीजों को राहत दिलाने की कोशिश की गई। इसके बावजूद दोपहर तक अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। करीब दो घंटे की हड़ताल के बाद हालात सामान्य होते दिखाई दिए।
दरअसल, स्वास्थ्य विभाग ने मरीज आशीष कुमार (अब मृतक) के इलाज में लापरवाही बरतने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा डॉ. मनीष बंसल की ओर से 16.11.2026 को जारी कार्यालय आदेश के तहत छह नर्सिंग अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय अंबाला कर दिया गया है। निलंबित किए गए नर्सिंग स्टाफ में मोनिका वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी, रेणु बाला नर्सिंग अधिकारी, पूजा नर्सिंग अधिकारी, अजय नर्सिंग अधिकारी, सुनील नर्सिंग अधिकारी तथा मनजीत नर्सिंग अधिकारी शामिल हैं। इस आदेश में डॉक्टरों का नाम नहीं है। इसी बात को लेकर नर्सिंग स्टाफ में रोष है। कर्मचारियों का कहना है कि एक ही मामले में सिर्फ नर्सिंग स्टाफ को निशाना बनाया गया है, जबकि इलाज की जिम्मेदारी पूरी टीम की थी। बताया जा रहा है कि 11 अक्टूबर को आशीष कुमार के इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई थी।