और पड़ेंगे ठंड के थपेड़े

By: Jan 18th, 2017 12:03 am

मध्य-उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 23 तक मौसम खराब, कुल्लू-केलांग में बर्फबारी जारी

newsशिमला , कुल्लू —  हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जनता का जल्द पीछा नहीं छोड़ेगी। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 23 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। विभाग ने इस दौरान उक्त क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की उम्मीद जताई है, जबकि मैदानी इलाकों में 19 से 23 जनवरी तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बर्फबारी दर्ज की गई है। मनाली में सबसे अधिक 33.0 सेंटीमीटर हिमपात हुआ है। इसके अलावा कल्पा में 18.0, खदराडा में 12.0, कोठी-जंजैहली में 5.0 और केलांग मे 4.0 सेंटीमीटर हिमपात आंका गया। वहीं प्रदेश के नैना देवी में 36.0 मिलीमीटर, जोगिंद्रनगर में 15.0, गोहर में 14.0, रोहड़ू में 10.0, पंडोह में 9.0, कोटखाई, भरमौर में 8.0, कुमारसैन में 6.0 और चंबा में 5.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। मंगलवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहा। रोहतांग समेत जिला कुल्लू की पर्वत शृंखलाओं में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। रोहतांग में इस सीजन में अब तक 12 फुट बर्फबारी हो चुकी है। मंगलवार शाम रोहतांग समेत जिला कुल्लू की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी से कुल्लू-मनाली का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जंगली जानवर और पक्षियों ने भी रिहायशी क्षेत्रों की तरफ पलायन किया है। कुल्लू के अधिकतर लोग घरों में ही दुबके हुए हैं। प्रदेश के ऊना में अधिकतम तापमान सात डिग्री लुढ़ककर 11.6 डिग्री तक पहुंच गया है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री आंका गया था।  हालांकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक का उछाल आया है, वहीं अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 23 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। आगामी दिनों में तापमान के और लुढ़कने की आशंका है।

मंगलवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    9.1        1.6

सुंदरनगर  13.7       1.5

भुंतर       12.0      1.2

कल्पा     1.0        -6.8

धर्मशाला  12.8       6.4

ऊना       11.6      6.9

नाहन      13.3       4.7

सोलन     14.4       1.8


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App