धूमल-अनुराग पर खूब बरसाए फूल

By: Jan 11th, 2017 12:05 am

बीबीएन —  भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंचे भाजपा के दिग्गज नेताओं का दून हलके के बद्दी में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भगवा रंग में रंगे बद्दी शहर में भाजपाइयों ने ढोल-नगाड़ों व फूलमालाओं के साथ अपने नेताओं का इस्तकबाल किया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का बद्दी आगमन पर दून मंडल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। सांसद अनुराग ठाकुर को बद्दी चौक से लेकर ज्योति होटल स्थित आयोजन स्थल तक खुली जीप और दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पहुंचाया। इस दौरान जगह-जगह उनके ऊपर पुष्प वर्षा की गई और समर्थन में जोरदार नारेबाजी की गई। सांसद एवं भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर भी बद्दी में कार्यसमिति की बैठक से पूर्व युवा सम्मेलन के दौरान हुए अपने स्वागत से गदगद दिखे, उन्होंने इसके लिए भाजपा नेताओं, जिला सोलन व दून यूवा मोर्चा का आभार जताते हुए इसे प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होने की दिशा में शुभ संकेत बताया। उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल व भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर मंगलवार को अन्य दिग्गज नेताओ के साथ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शिरकत करने पहुंचे थे। इसके बाद सांसद अनुराग ठाकुर ने ज्योति होटल के प्रांगण में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और प्रदेश सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने इस दौरान युवाओं  से एकजुट होकर प्रदेश में कमल खिलाने का भी आह्वान किया। सांसद अनुराग ठाकुर के दौरे से युवा खासे जोश में दिखे। इस दौरान भाजपा सांसद वीरेंद्र कश्यप, राष्ट्रीय सविव नरेंद्र अत्री,पूर्व विधायक विनोद चंदेल, हंसराज चंदेल, परमजीत पम्मी, भाजयुमो के प्रदेश प्रभारी महेश चौहान, प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान, जिला अध्यक्ष भरत साहनी, जिला सोलन भाजपा अध्यक्ष, दून मंडल अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, एसटी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप चौधरी, श्रवण चंदेल,अमित चंदेल, ललित ठाकुर, निशांत ठाकुर, खेम चंद, सुनील ठाकुर, हैरी सैणी सहित अन्य मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App