नड्डा-आशा पर निगाहें

By: Jan 12th, 2017 12:03 am

उत्तराखंड-पंजाब में होगी अग्नि परीक्षा, कांग्रेस-भाजपा के वरिष्ठ नेता उतरेंगे प्रचार में

NANDANEWSशिमला— पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में इस बार उत्तराखंड भाजपा चुनाव प्रचार का प्रभार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को सौंपा गया है। वहीं पंजाब में यही कार्य पूर्व शिक्षा मंत्री व कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव आशा कुमारी के सुपुर्द है। दोनों ही नेताओं की इस बार अग्नि परीक्षा है। उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार है। वहां भाजपा के पक्ष में प्रि-पोल के नतीजे बेहतर आए हैं। बावजूद इसके कांग्रेस यहां जिस तरह से दावे ठोक रही है, उसे देखकर भाजपा के लिए मुश्किलें भी कम नहीं दिख रहीं। पंजाब में कांग्रेस सत्ता में वापसी का दम भर रही है। पिछले दो महीनों से भी ज्यादा अवधि से आशा कुमारी यहां सक्रिय हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव अंबिका सोनी वहीं पूरे पंजाब की कमान संभाल रही हैं। पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार पिछले दस वर्षों से सत्ता पर काबिज है। इस बार कांग्रेस अपने पक्ष में सियासी हवाएं देखकर प्रचार में जुटी है। आम आदमी पार्टी के इस सियासी युद्ध में कूदने से मुकाबला ज्यादातर इलाकों में त्रिकोना भी दिख रहा है। लिहाजा कांटे की टक्कर में यदि कांग्रेस अव्वल रहती है तो इसका श्रेय प्रभारियों को भी जाएगा। उत्तराखंड में यदि भाजपा बहुमत से सत्ता में वापस आती है, तो राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का राजनीतिक कद और बढ़ेगा। सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खासतौर पर उन्हें यह प्रभार सौंपा है। हालांकि इससे पहले के विधानसभा चुनावों में भी जेपी नड्डा अपना राजनीतिक कौशल व प्रबंधन दिखा चुके हैं। हिमाचल के ये दोनों नेता यदि इस अग्नि परीक्षा में अव्वल रहते हैं तो भाजपा व कांग्रेस में उन्हें और बेहतर स्थान मिल सकते हैं। बशर्ते पंजाब में कांग्रेस बहुमत से आए और उत्तराखंड में दावों के बावजूद भाजपा कांग्रेस को नाको चने चबवाए।

मिशन पर 20 को होंगे रवाना

प्रदेश से भाजपा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उत्तराखंड व पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए 20 जनवरी को रवाना हो रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री व प्रतिपक्ष के नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल, वरिष्ठ नेता व सांसद शांता कुमार, सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व मंत्री, मौजूदा विधायक व संगठन से जुड़े कई नेता उत्तराखंड व पंजाब में चुनाव प्रचार के लिए व्यस्त होंगे। जबकि कांग्रेस से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, अन्य मंत्री, विधायक व संगठन से जुड़े नेता पंजाब व उत्तराखंड प्रचार के लिए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App