बर्फबारी की मार 34 सड़कें बंद

By: Jan 18th, 2017 12:05 am

चंबा —  बर्फबारी व बारिश के कारण जिला के 34 मार्गों पर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही ठप रही। इन मार्गों पर वाहनों के न चलने से लोगों को बर्फ के बीच कई किलोमीटर का पैदल फासला तय करके अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। मंगलवार को दोपहर बाद बर्फबारी का दौर दोबारा से आरंभ हो जाने के कारण लोक निर्माण विभाग की इन मार्गों पर यातायात बहाली की कवायद को करारा झटका लगा है। मंगलवार को बारिश-बर्फबारी के कारण लोक निर्माण विभाग को एक करोड़ 43 लाख रुपए के नुकसान की रिपोर्ट हासिल हुई है। इसके साथ ही बर्फबारी व बारिश के कारण नुकसान का आंकड़ा पांच करोड़ को छू गया है। बर्फबारी-बारिश के नुकसान की रोजाना रिपोर्टिंग सरकार को भेजी जा रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को कड़ाके की ठंड के बीच लोक निर्माण विभाग ने बंद मार्गों को खोलने का कार्य आरंभ कर दिया। लोक निर्माण विभाग ने सलूणी मंडल के मंगलवार को बर्फबारी व बारिश के कारण बंद सात मार्ग खोल दिए हैं, जबकि आठ मार्ग अभी भी बंद पड़े हैं। चंबा मडंल में बर्फबारी के कारण बंद मार्गों का आंकड़ा 41 से घटकर पांच तक सिमट गया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एसई बीएस बरवाल का कहना है कि बारिश-बर्फबारी के कारण बंद पचास फीसदी मार्गों को दोबारा से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है, जबकि अन्य मार्गों पर बर्फ  व मलबा हटाने का काम जारी है। मंगलवार को बारिश-बर्फबारी से एक करोड़ 43 लाख रुपए का नुकसान आंका गया है।

आज भी नहीं मिली बस सुविधा

बर्फबारी के बाद दूसरे दिन भी जनजातीय उपमंडल मुख्यालय भरमौर और होली घाटी के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा आरंभ नहीं हो पाई है। जिसके चलते यात्रियों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर फिसलन होने के चलते वाहनों को चलाना किसी खतरे से कम नहीं है। वहीं खराब मौसम के बीच निगम की बसों के भी जनजातीय क्षेत्र में फंसने की संभावना बनी रहती है। अलबत्ता यात्रियों को खड़ामुख तक ही बस सेवा का लाभ मिल पा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App