भरमौर में चांदी की बारिश

By: Jan 8th, 2017 12:07 am

newsभरमौर – जिला के जनजातीय उपमंडल भरमौर में बर्फबारी का दौर शनिवार को भी जारी रहा, जिसके चलते शनिवार तक उपमंडल मुख्यालय भरमौर में एक फुट तक ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। इसी तरह उपतहसील मुख्यालय होली में पांच से छह इंच तक ताजा बर्फबारी हो चुकी है। वहीं शनिवार को भी यहां पर रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरते रहे, जिसके चलते लोगों ने भी अपने घरों में ही दुबकना मुनासिब समझा। बहरहाल मौसम विभाग की स्टीक भविष्यवाणी के बीच जनजातीय उपमंडल भरमौर में इन दिनों लोगों का जीना भी मुहाल हो गया है। वहीं बागबानी और कृषि के लिहाज से बर्फबारी बेहद फायदेमंद मानी जा रही है। शुक्रवार रात तक उपमंडल के विभिन्न हिस्सों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। वहीं देर रात को यहां बर्फबारी का दौर थमा, लेकिन सुबह भी उपमंडल के विभिन्न हिस्सों में बर्फबारी आरंभ हो गई। सूचना के अनुसार भरमौर में एक फुट तक ताजा हिमपात हो चुका है। जबकि ऊंचाई पर बसे गांवों में डेढ़ से तीन फुट तक बर्फबारी होने की सूचना है। इसी तरह उपमंडल की दूरदराज की पंचायतों में भारी बर्फबारी हुई है, जिस कारण यहां पर अब लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। बहरहाल मौसम के कडे़ रुख को देखते हुए आगामी दो दिनों में भी यहां पर लोगों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। चूंकि मौसम विभाग की ओर से आठ-नौ जनवरी को भी प्रदेश के सात जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। लिहाजा अब दो दिनों में मौसम का पूर्वानुमान स्टीक बैठता है तो यहां पर लोगों की मुशिकलें भी बढ़ जाएगी।

22 सडकें, 70 ट्रांसफार्मर पड़े बंद

जनजातीय उपमंडल भरमौर में बर्फबारी के बाद यातायात और विद्युत व्यवस्था भी बुरी तरह से लड़खड़ा गई है। प्रशासन के पास पहुंची रिपोर्ट के मुताबिक उपमंडल भरमौर में बर्फबारी के चलते मुख्य सड़कों के अलावा संपर्क मार्गों को जोड़ कर कुल 22 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ हुई है। वहीं विद्युत बोर्ड के भरमौर उपमंडल के तहत 70 ट्रांसफार्मर भी यहां पर बर्फबारी के बाद बंद पड़े हुए हैं और सैकड़ों गांवों में विद्युत आपूर्ति भी बंद पड़ी हुई है। बहरहाल मौसम के हालातों को देखते ही यहां पर जनजीवन के पटरी पर लौटने के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App