भाजयुमो ने निकाला मशाल जलूस

By: Jan 12th, 2017 12:05 am

चंबा —  भाजयुमो की चंबा जिला इकाई ने स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को  शहर में मशाल जलूस निकाला। स्थानीय परिधि गृह से आरंभ मशाल जलूस ने पूरे शहर की परिक्रमा की। इस मशाल जलूस की अगवाई सदर विधायक बालकृष्ण चौहान व भाजयुमो जिला प्रधान विनायक रैणा ने की। इस मौके पर भाजयुमो जिला प्रधान विनायक रैणा ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में उतारने को कहा। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के पद चिन्हों पर चलकर समाज को एक नई दिशा देने का आह्वान भी किया। विनायक रैणा ने कहा कि पूरे भारत वर्ष में स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती को राष्ट्रीय युवा दिवस के तौर पर मनाया जा रहा है। इस दौरान भाजयुमो की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवा वर्ग को स्वामी विवेकानंद की जीवनी व आदर्शो के बारे में अवगत करवाया जा रहा है। सदर विधायक बालकृष्ण चौहान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद की जीवनी के बारे में बताते हुए आदर्शों पर चलने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज समाज को बदलने के स्वामी विवेकानंद जैसी सोच लाजिमी हो गई है। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य राकेश ठाकुर, भाजयुमो मीडिया प्रभारी अनिल सुलाखरिया व जिला कार्यालय सचिव दयाकृष्ण ठाकुर सहित सैकडों की तादाद में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App