वीरभद्र ने समझा शाहपुर का दर्द

By: Jan 22nd, 2017 12:05 am

शाहपुर  – मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र शाहपुर का तूफानी दौरा कई सियासी हलचल पैदा कर गया तो कइयों के अरमान बुलंदियों पर पहुंचे। कारण था शाहपुर में नागरिक उपमंडल का विधिवत खोलना। इससे एक बात तो स्पष्ट हो गई कि नजदीकियों से ही विकास संभव है। शाहपुर में उपमंडल कार्यालय खोलने की मांग कई वर्षों से चली आ रही थी, जो कि चुनावों के नजदीक आते और भी जोर पकड़ती तथा सत्तासीन सरकार के नुमाइंदे अपने-अपने कयास लगा कर जनता को लुभाते, परंतु हर बार जनता को आश्वासनों का झुनझुना ही मिलता था, लेकिन दौरे के दौरान वीरभद्र सिंह ने जिस प्रकार वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया को आशीर्वाद स्वरूप शाहपुर क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगाई। इससे पठानिया का कद और भी बुलंदी पर पहुंचा, वहीं विरोधी के भी चारों खाने चित्त हुए। मुख्यमंत्री ने एक ही दिन में लंज कालेज का शिलान्यास, शाहपुर नागरिक चिकित्सालय का लोकार्पण, नागरिक उपमंडल कार्यालय का विधिवत शुभारंभ तथा इसके साथ ही अन्य कई प्रकार की मांगों को पूरा करने की सहमति दी। अब जनता के सामने यह बात खुल कर सामने आ गई कि शाहपुर में विकास की इबारत लिखने में केवल सिंह पठानिया का कोई सानी नहीं है। उधर वर्षों पुरानी चिरपरिचित मांग पूरी होने पर शनिवार को वन निगम के उपाध्यक्ष के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा व मुंह मीठा करने की रस्म के साथ-साथ शाहपुर में भी लड्डू बांटे गए। उपाध्यक्ष वन निगम केवल सिंह पठानिया ने कहा कि  चार वर्षों में जो कुछ मांगा मुख्यमंत्री ने उससे ज्यादा दिया तथा कांग्रेस विकास करने में विश्वास रखती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App