सीएम दिल्ली रवाना, आज धर्मशाला में

By: Jan 11th, 2017 12:03 am

नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन को मंत्री-विधायक भी साथ गए

newsशिमला – मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को दिल्ली रवाना हुए हैं। उनके साथ प्रदेश के मंत्री, कांग्रेस विधायक, संगठन से जुड़े नेता, जिलाध्यक्ष व ब्लॉक अध्यक्ष भी गए हैं। दिल्ली में नोटबंदी के खिलाफ जंतर-मंतर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को बड़ा प्रदर्शन व रैली रखी गई है। इसकी रूपरेखा काफी पहले से तैयार कर ली गई थी। इस आयोजन के बाद मुख्यमंत्री का शीतकालीन प्रवास धर्मशाला से शुरू होगा, जिसमें फेरबदल किया गया है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों के चलते कांग्रेस के इस प्रदर्शन को काफी महत्त्व दिया जा रहा है। दरअसल मोदी सरकार की नोटबंदी मुहिम के दुष्प्रभावों को पार्टी विधानसभा चुनावों के दौरान भुनाना चाहती है। यही वजह है कि सभी राज्यों से न केवल कांग्रेस शासित राज्य बल्कि गैर कांग्रेस शासित राज्यों के कांग्रेस विधायक व संगठन नेता भी दिल्ली भारी संख्या में बुलाए गए हैं, ताकि यह आयोजन सफल हो सके। इसी कड़ी में विभिन्न राज्यों में भी नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस नए सिरे से रणनीति तैयार करने जा रही है। इसका मकसद भी आने वाले समय में विधानसभा चुनावों से पहले लोगों को नोटबंदी के खिलाफ अवगत करवाना है।

दिल्ली हाई कोर्ट में कल सुनवाई

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से घिरे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनके परिजनों के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई निर्धारित है। सूत्रों के मुताबिक इस सिलसिले में भी मुख्यमंत्री ने अपने वकीलों से मश्विरा करना है। दिल्ली हाई कोर्ट ने सीबीआई द्वारा दर्ज मामले को लेकर फैसला अभी सुरक्षित रखा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App