क्या आप जानते हैं

By: Feb 26th, 2017 12:05 am

आसमान क्या है? कितना बड़ा है? यह ठोस है, तरल है या गैस है?

आप जिसे आसमान कह रहे हैं वह बाहरी अंतरिक्ष का एक हिस्सा है। धरती से दिन में यह नीले रंग का नजर आता है। इसकी वजह है हमारा वातावरण जिससे टकराकर सूरज की किरणों का नीला रंग फैल जाता है। पर यह आसमान धरती से देखने पर ही नीला लगता है। किसी अन्य ग्रह से देखने पर ऐसा नहीं दिखेगा बल्कि आमतौर पर काला दिखेगा। यह ठोस नहीं है, पर इसमें ठोस, तरल और गैसीय पदार्थ प्रचुर मात्रा में मौजूद हैं। यह अनंत है। दुनिया के बड़े से बड़े टेलीस्कोप से भी आप इसका बहुत छोटा हिस्सा देख पाएंगे।

चूहे की उम्र कितनी होती है?

चूहों की तमाम किस्में होती हैं। काले चूहे, भूरे चूहे, सफेद चूहे और जंगली चूहे। छछूंदर और नेवले भी चूहों की प्रजाति है। बहरहाल इनसान के साथ रहने वाले घरेलू चूहों की उम्र आमतौर पर साल भर करीब होती है।

तितली कितनी ऊंचाई तक उड़ सकती है?

कुछ ग्लाइडर पायलटों ने ग्यारह हजार फुट की ऊंचाई तक तितलियों को देखा है। तितलियों की मोनार्क  प्रजाति सैकड़ों किलोमीटर तक की यात्रा करके एक जगह से दूसरी जगह तक जाती हैं।

कछुए के दांत होते हैं या नहीं। नहीं तो क्यों नहीं होते?

कछुए के दांत तो नहीं होते, पर मुंह में तीखे सींग जैसे होते हैं, जिनसे वह भोजन काटते-चबाते हैं।

जामुन फल  में कौन सा विटामिन होता है ए बी या सी ?

बहरहाल जामुन भारतीय भूखंड का फल है, जो बाद में सारी दुनिया में गया। मूलतः यह विटामिन ए और सी का महत्त्वपूर्ण स्रोत है। इसमें विटामिन बी1, बी2, बी3, बी5 और बी6 भी होते हैं। इनके अलावा इसमें कैल्शियम, आयरन, मैगनीशियम, फास्फोरस, पोटाशियम और सोडियम भी होते हैं। आयुर्वेद, यूनानी और चीनी चिकित्सा पद्धतियों में डायबिटीज और पेट के रोगों के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App