निरंकारी बाबा के जन्मदिवस पर सफाई अभियान

By: Feb 24th, 2017 12:05 am

नालागढ़ – निरंकारी मिशन के सतगुरु बाबा हरदेव सिंह के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में संत निरंकारी मंडल नालागढ़ शाखा के निरंकारी शिष्यों द्वारा सफाई अभियान का आयोजन किया गया। नालागढ़ शाखा के संयोजक केसी पनफेर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत सीसे छात्रा स्कूल नालागढ़ परिसर की साफ सफाई की गई। सफाई अभियान के अंतर्गत निरंकारी शिष्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सफाई अभियान से पूर्व पौधारोपण भी किया गया, जिसका शुभारंभ स्कूल की प्रिंसीपल अंजु शर्मा ने किया। इस मौके पर सेवादल संचालक गुरनाम सिंह ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के विभिन्न बैनरों जैसे प्रदूषण बाहर हो या अंदर दोनों हानिकारक है और हरियाली लाएं जीवन बचाएं जैसे प्रेरक नारों से मानव को साफ-सुथरा व स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी गई। मंडल संयोजक कर्मचंद पनफेर ने कहा कि 23 फरवरी को बाबा हरदेव सिंह के जन्मदिवस के पावन अवसर पर विश्व भर में इस प्रकार के सफाई अभियानों का आयोजन होता है और इस बार देश के 263 रेलवे स्टेशनों की सफाई की गई। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर रेलवे स्टेशन नहीं है, वहां सरकारी स्कूलों में सफाई अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष भर विभिन्न जगहों पर रक्तदान शिविरों का भी निरंकारी मिशन द्वारा आयोजन किया जाता है, जिसमें मिशन के अनुयायी स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव जाति की सेवा करते है। उन्होंने निरंकारी बाबा हरदेव सिंह की शिक्षाओं पर चलने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह ने कहा है कि सारा परिवार अपना है और एक को जानो, एक को मानो, एक हो जाओ की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य इन बातों को अपने जीवन में धारण करते हैं तो सही मायनों में एक सुंदर समाज की स्थापना हो सकती है। उन्होंने कहा कि सतगुरु के बताए मार्गों का अनुसरण करना चाहिए और सतगुरु के जन्म दिवस पर साफ सफाई अभियान, पौधारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित करने का सबसे बड़ा सेवाभाव का काम है, जिससे आसपास का परिवेश भी साफ सुथरा रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App