नूरपुर के जस्टिस गुप्ता सुप्रीम कोर्ट में जज

By: Feb 12th, 2017 12:05 am

NEWSशिमला — हिमाचल से संबंध रखने वाले जस्टिस दीपक गुप्ता  सुप्रीम कोर्ट के जज बनाए गए हैं। जस्टिस गुप्ता अभी तक छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के पद पर कार्यरत थे। जस्टिस दीपक गुप्ता सुप्रीम कोर्ट के जज बनाए गए हैं। केंद्रीय विधि मंत्रालय ने उनके नाम को फाइनल कर दिया है। जस्टिस गुप्ता मई, 2016 से छत्तीसगढ़  हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वह त्रिपुरा हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस रह चुके हैं। जस्टिस दीपक गुप्ता का संबंध कांगड़ा जिला के नूरपुर से है। उनका जन्म कांगड़ा के नूरपुर में सात मई, 1955 को वकील परिवार में हुआ। दिल्ली विश्वविद्यालय से 1978 में लॉ की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने हिमाचल हाई कोर्ट में वकील के तौर पर प्रैक्टिस शुरू की। वह हिमाचल के उच्च कोटी के वकीलों में जाने जाते रहे हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट बार एसोसिएशन का भी कई बार प्रतिनिधित्व किया। वह हिमाचल हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के 1982-83 में सचिव, 1993-94 में उपाध्यक्ष व 2002-03 तक अध्यक्ष रहे। इसके बाद वह चार अक्तूबर 2004 को हिमाचल हाई कोर्ट के जज बनाए गए। जस्टिस दीपक गुप्ता तीन जून 2007 से 10 जुलाई 2007 तक और 24 नवंबर 2007 से नौ दिसंबर 2007 तक हिमाचल हाई कोर्ट के दो बार कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश भी रहे। हाई कोर्ट के जज रहते हुए उन्होंने पर्यावरण, आयकर, आपराधिक व सिविल मामलों में कई अहम फैसले दिए। वह हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी चेयरमैन के अलावा हिमाचल न्यायिक अकादमी के भी अध्यक्ष रहे। उनका हिमाचल हाई कोर्ट को कम्प्यूटराइज्ड करने में भी अहम योगदान रहा है। जस्टिस गुप्ता 23 मार्च को त्रिपुरा हाई कोर्ट के पहले चीफ जस्टिस बने और इसके बाद 16 मई, 2016 को वह छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस नियुक्त किए गए, वहीं अब वह सुप्रीम कोर्ट के जज बनाए गए हैं, जो कि हिमाचल के लिए गौरव की बात है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App