विकास कार्य समयावधि में पूरे होंगे

By: Feb 24th, 2017 12:05 am

बीबीएन  – उद्योग श्रम एवं रोजगार मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक उद्यमियों को गत चार वर्षों में अनेक सुविधाएं प्रदान की हैं। इनका उद्देश्य जहां एक ओर प्रदेश में औद्यागिकीकरण को सुदृढ़ करना है वहीं प्रदेश के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर दिलवाना है। उद्योग मंत्री ने उक्त शब्द दून विधानसभा क्षेत्र के सनेड़ में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दून के विधायक चौधरी राम कुमार की मांग पर क्षेत्र में लगभग दो करोड़ रुपए के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलवाया कि दून विधानसभा क्षेत्र में सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों से बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बनकर उभरा है। इस क्षेत्र को आज विश्वभर में अपने औद्योगिक उत्पाद के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के विकास पर पूरा ध्यान दे रही है। सभी गांवों में सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। गत चार वर्षों में प्रदेश सरकार ने 7,918 बस्तियों को पेयजल सुविधा प्रदान की है। लगभग 87 करोड़ रुपये खर्च कर 6,450 हैंडपंप स्थापित किए गए हैं। इस दौरान विभिन्न पेयजल योजनाओं पर 1034 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 471 करोड़ रुपए खर्च कर 13,716 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा प्रदान की है। अग्निहोत्री ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा का एक सूत्री एंजेंडा किसी भी प्रकार से राज्य सरकार को गिराने का रहा है। लेकिन न तो भाजपा पिछले चार वर्षों से उसमें सफल हो पाई है और न आगे होगी। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से मुख्यमंत्री वीरभद्र के खिलाफ  केंद्र की जांच एजेंसियां षड़यंत्र के तहत मामलों की जांच कर रही हैं। लेकिन सभी जानते हैं कि ये मामले राजनीति से प्रेरित हैं और इनमें कुछ नहीं होने वाला। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पुनः जीत हासिल करेगी। विधायक राम कुमार ने दून विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए की योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करने पर उद्योग मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा की गई नोटबंदी से नकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आमजन की पार्टी है और सदैव समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए कार्यरत रहेगी। अखिल भारतीय कबीर पंथी समाज के अध्यक्ष दयाराम रेंजर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। बीडीसी की पूर्व सदस्य बलविंद्र कौर ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष मदन चौधरी, संजीव कुमार, जस्सी चौधरी, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान एवं स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App