पति और ससुराल की प्रॉपर्टी पर भाजपा को आपत्ति क्यों

By: Mar 26th, 2017 12:05 am

हमीरपुर – राज्य आपदा प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि भोरंज में हो रहे उपचुनाव को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों और भाषणों में अहंकार झलक रहा है। भाजपा नेता कांग्रेस की महिला प्रत्याशी के खिलाफ भी जिस भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसे किसी भी सूरत में शालीनता नहीं कहा जा सकता। भाजपा नेताओं को अति उत्साह में बयानबाजी करते समय महिलाओं की गरिमा का सम्मान करना चाहिए और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह तथ्य याद रखना चाहिए कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी एक गरीब परिवार में पैदा हुई हैं और उन्होंने संघर्षों से अपना रास्ता बनाया है। भाजपा नेताओं को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि प्रोमिला देवी शादीशुदा हैं और उनके पति लंबे समय से सरकारी पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लिहाजा अपने पति और ससुराल की संपत्ति को उन्होंने आधार बनाते हुए ही नामांकन के समय अपनी कुल संपत्ति दर्शायी है, लेकिन भाजपा नेता जनता को गुमराह करने के लिए कांग्रेस प्रत्याशी को लाखों की संपत्ति का मालिक होने के आरोप लगाते हुए उसका उपहास उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है, लेकिन भाजपा नेताओं के बयानों से ऐसा लग रहा है कि जैसे उन्हें भोरंज की जनता ने पावर ऑफ अटॉर्नी दे रखी हो।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App