शरणधार-शाई सड़क की रखी नींव

By: Mar 27th, 2017 12:05 am

आनी – आनी विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव में सड़कों का जाल बिछ चुका है, जबकि दर्जनों नई सड़कें स्वीकृत हो चुकी हैं। ऐसे में भाजपा झूठे प्रचार में लगी है। रविवार को आनी पंचायत के शाई गांव में विधायक खूबराम आनंद ने शरणधार-शाई सड़क के भूमिपूजन करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि आनी क्षेत्र में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने विकास की इवारत लिखी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के समय, जो अभूतपूर्व विकास हुआ है उसे न कोई कर सकता है और न ही किसी ने किया है। यहां जनसभा के दौरान विधायक खूबराम आनंद ने पूर्व भाजपा विधायक किशोरी लाल सागर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा को सता से बाहर रहकर विकास की याद आती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने, जो क्षेत्र का विकास किया है उसे भाजपा नहीं पचा पा रही है। ऐसे में भाजपा के लोग जनता के बीच जाकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा के झूठे प्रचार में नहीं आएगी और आने वाले विस चुनावों में जनता विकास को अपनाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कृपा से आनी क्षेत्र की 27 सड़कें 110 करोड़ की लागत से जल्द पक्की होंगी। उन्होंने विभाग को पेयजल किल्लत को दूर करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए हैं। साथ ही उन्होंने महिला मंडल भवन शाई को प्राक्कलन के आधार पर धनराशि उपलब्ध करवाने का भरोसा दिया। इससे पूर्व जिप सदस्य ममता ठाकुर ने शरणधार-शाई करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का भूमिपूजन कर इसे जल्द तैयार करने की बात कही और लाभान्वित गांव शाई, रूणा की जनता को शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर विधायक के साथ उनकी पत्नी इंदिरा आनंद, यूपेंद्रकांत आदि मौजूद रहे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App