बच्‍चों से करवाएं घरेलू काम

By: Apr 23rd, 2017 12:05 am

कुछ घरों में बच्चों से यह उम्मीद की जाती है कि वे घर के कामों में हाथ बंटाएं और बच्चे भी खुशी-खुशी काम करते हैं। वहीं कुछ घरों में उनसे ज्यादा कुछ उम्मीद नहीं की जाती, तो वहां बच्चे भी काम से जी चुराते हैं। कुछ माता-पिता बच्चों को काम देने से कतराते हैं, खासकर अगर बच्चों को बहुत होमवर्क मिला हो या वे स्कूल के बाद कुछ सीखने जाते हों, लेकिन गौर कीजिए कि घर के काम करना कितना फायदेमंद हो सकता है। बच्चे समझदार बनते हैं। जो बच्चे घर के कामों में मदद करते हैं, वे अकसर पढ़ाई में भी अच्छे होते हैं। घर के काम में हाथ बंटाने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है, वे हर काम कायदे से करना सीखते हैं और कुछ करने का उनका इरादा मजबूत होता है। ये सारी बातें कुछ सीखने और समझदार बनने के लिए जरूरी हैं। बच्चे दूसरों की मदद करना सीखते हैं। देखा गया है कि जो बच्चे घर में हाथ बंटाते हैं, वे अकसर बड़े होने पर समाज सेवा करते हैं। यह कोई हैरानी वाली बात नहीं है, क्योंकि घर के काम करने से वे सीखते हैं कि उन्हें खुद से पहले दूसरों की जरूरतों का ख्याल करना चाहिए। इस तरह बच्चा दूसरों की मदद करना सीख जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App