भाजपा में शामिल होंगे कई कांग्रेस नेता-वर्कर्ज

By: Apr 26th, 2017 12:04 am

धूमल का दावा; संपर्क में विधायक-वरिष्ठ नेता, डा. अनिल धीमान ने ली शपथ

NEWSशिमला— नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने दावे के साथ कहा है कि भाजपा में कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हो सकते हैं। इसकी शुरुआत चौपाल के विधायक बलवीर वर्मा पहले ही कर चुके हैं। अब कई और नेता व वर्कर्ज पार्टी में शामिल होंगे। हालांकि उन्होंने इस बात का खुलासा करने से इनकार कर दिया कि इसमें कौन-कौन शामिल होंगे। प्रो. धूमल ने विधानसभा में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कई कांग्रेस विधायक और कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी पार्टी के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि कितने ज्वाइन करते हैं, यह वक्त बताएगा। उनका कहना था कि भाजपा छोड़कर गए नेताओं को वापस लेने का फैसला पार्टी हाइकमान व प्रदेश नेतृत्व बातचीत के बाद लेगा। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष बीबीएल बुटेल ने भोरंज से नवनियुक्त विधायक डा. अनिल धीमान को विधानसभा सदस्यता की शपथ ग्रहण करवाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिमला दौरे के दौरान हिमाचल को क्या नई सौगातें मिल सकती हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इस मानसिकता को बदलने की आवश्यकता है। वह एक दौर था जब घोषणाएं होती थी। मंत्री, सीएम, केंद्रीय मंत्री घोषणाएं करते थे, मगर वे घोषणाएं पूरी नहीं होती थीं, लेकिन अब वह समय चला गया है।

नगर निगम चुनाव जीतने का दावा

प्रो. धूमल ने एक सवाल पर कहा कि जब सत्ता में उनकी सरकार थी तो उन्होंने नगर निगम शिमला के चुनाव पार्टी चिन्ह पर करवाए थे। उन्होंने कहा कि जिन्हें जीतने की उम्मीद नहीं होती, वे ही ऐसा करते हैं। कांग्रेस को भी इस चुनाव को जीतने की उम्मीद नहीं है। नगर निगम चुनाव में भाजपा काबिज होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App