महिला ने गलती से निगला जहर

By: Apr 25th, 2017 12:05 am

चंबा – तीसा उपमंडल के ओला गांव में गलती से जहरीला पदार्थ निगलने से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान छकनू देवी पत्नी कर्मचंद के तौर पर की गई है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में महिला के शव का  पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने घटना की रोजनामचे में इत्तला रपट डालने के साथ ही  विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार ओला गांव की छकनू देवी ने शनिवार शाम गलती से कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। छकनू देवी की तबीयत बिगड़ता देख परिजन उसे वाहन में डालकर उपचार के लिए तीसा ले आए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छकनू देवी की गंभीर हालत को देखते हुए चंबा रैफर कर दिया गया। मगर चंबा अस्पताल में सोमवार सवेरे छकनू देवी ने दम तोड़ दिया। बाद में अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाया। मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में छकनू देवी की मौत इनसानी भूल का परिणाम बताया है। पुलिस ने आरंभिक जांच के आधार पर इस संदर्भ में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। दोपहर बाद छकनू देवी के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर चंबा वीर बहादुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरंभिक जांच में छकनू देवी की मौत मानवीय भूल आंकी गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App