अपनों से ही महफूज नहीं बेटियां

By: May 24th, 2017 12:01 am

हिमाचल में साल दर साल बढ़ रहे नाबालिगों से दुराचार के केस

धर्मशाला – देवभूमि हिमाचल में नाबालिग युवतियों के साथ दुराचार के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। इतना ही नहीं स्कूल-कालेज जाने वाली युवतियों के साथ बढ़ रहे इन मामलों में अधिकतर आरोपी दोस्त व जान-पहचान वाले ही सामने आ रहे हैं।  दो सालों में भी दुष्कर्म के मामलों में नाबालिगों के साथ हुए दुराचार की वारदातों में बढ़ोतरी हुई है। इतना ही नहीं हिमाचल में दुष्कर्म के मामलों को लेकर इंटरनेशनल जर्नल ऑफ हैल्थ साइंस एडं रिसर्च में प्रकाशित हुई स्टडी में भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। प्रदेश में दुराचार के मामलों में शिकार युवतियों का आंकड़ा बढ़ रहा है। स्कूल-कालेज में पढ़ने वाली नाबालिग युवतियां दुष्कर्म की अधिक की शिकार हो रही हैं। पिछले दो सालों में भी उत्तरी क्षेत्र कांगड़ा, चंबा व ऊना जिलों में इन मामलों में बढ़ोतरी हुई है। पिछले दो सालों में उत्तरी क्षेत्र में करीब 160 दुराचार के मामले सामने आए हैं। इनमें से करीब 90 मामले ऐसे सामने आए हैं, जिनमें से नाबालिगों के साथ दुराचार हुआ है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2015-16 में नॉर्थ जोन में कुल 74 दुराचार के मामले दर्ज हुए थे। दर्ज हुए दुष्कर्म के इन मामलों में सर्वाधिक 39 मामलों में नाबालिग युवतियां पीडि़त हुई थीं, जबकि 35 मामलों में बालिग थीं। इसके अलावा वर्ष 2016-17 में दुष्कर्म के मामलों में संख्या बढ़कर 85 पहुंच गई। नॉर्थ जोन में दर्ज हुए इन मामलों में नाबालिगों के साथ ही सर्वाधिक 48 मामले सामने आए हैं, जबकि 37 बालिगों के साथ दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं।  इतना ही नहीं हिमाचल प्रदेश में साल दर साल बढ़ रहे दुष्कर्मों के इन मामलों पर हुई रिसर्च में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। हिमाचल में उत्तरी क्षेत्र कांगड़ा, चंबा व ऊना तथा दक्षिणी क्षेत्र में शिमला, सोलन, सिरमौर तथा किन्नौर जिला में सामने आए दुष्कर्म मामलों पर रिसर्च की गई थी। हिमाचल प्रदेश फोरेंसिक लैब विशेषज्ञों द्वारा की गई इस रिसर्च में सामने आया है कि प्रदेश में 11 से 17 वर्ष तक की आयु की नाबालिग युवतियों के साथ दुष्कर्म के मामलों में बढ़ोतरी हुई है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App