पहले कपड़े फाड़े, फिर तोड़े दांत

By: May 22nd, 2017 12:05 am

पद्धर  —  पद्धर थाना के तहत कुफरी पंचायत के नशधरा गांव में शनिवार रात को क्षेत्र के दो युवकों द्वारा एक राहगीर व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उससे लूटपाट करने का मामला प्रकाश में आया है। जानकारी के अनुसार नशधरा गांव निवासी शेर सिंह पुत्र ब्रेस्तु राम जो मेशन का काम करता है, समीप के गांव से काम निपटा कर देरी से घर लौट रहा था। घर से थोड़ी दूर वीरान जगह पर गांव के दो युवकों जो नशे में थे, ने शेर सिंह पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस मारपीट में शेर सिंह के कपड़े फाड़ दिए और दांत तोड़ दिए। शेर सिंह ने काम करने वालों के यहां से आठ हजार रुपए की नकद पगार लाई थी, जिसे भी हमलावर युवकों ने छीन लिया। घटनास्थल पर शेर सिंह द्वारा बचाव को लेकर चीख पुकार करने पर नजदीक के घर से भतेरी देवी पत्नी राजू मौका पर पहुंची। इस दौरान दोनों हमलावर युवक मौका से फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना शेर सिंह के परिजनों को दी। गंभीर रूप से घायल शेर सिंह को उपचार के लिए 108 की मदद से रात को क्षेत्रीय अस्पताल पद्धर में भर्ती करवाया गया। शेर सिंह का पद्धर अस्पताल में उपचार चल रहा है। पद्धर थाना पुलिस ने पद्धर अस्पताल में पहुंचकर मारपीट के घायल शेर सिंह के बयान कलमबंद कर लिए हैं। थाना प्रभारी प्रीतम सिंह जरियाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल शेर सिंह का मेडिकल करवा लिया है। हादसे की पुष्टि पुलिस अधीक्षक मंडी प्रेम ठाकुर ने की।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App