कड़ी मेहनत करें और धैर्य रखें

By: Jun 7th, 2017 12:07 am

cereerकरतार सिंह वर्मा

निदेशक, अनुसंधान नौणी विश्वविद्यालय, सोलन

पोलीहाउस में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने करतार सिंह वर्मा से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश…

पोलीहाउस में युवाओं के लिए क्या करियर स्कोप है?

पोलीहाउस में युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं। यदि कोई व्यक्ति पोलीहाउस में करियर बनाना चाहता है, तो इसके लिए परिश्रम जरूरी है। इस क्षेत्र में आमदनी अच्छी प्राप्त हो जाती है।

इस क्षेत्र के लिए युवा का कितना पढ़ा- लिखा होना जरूरी है?

पोलीहाउस में युवाओं के लिए किसी प्रकार की शिक्षा की जरूरत नहीं है। इस क्षेत्र में उक्त व्यक्ति को खेतीबाड़ी की जानकारी होनी चाहिए। यदि  किसान दसवीं पास या इससे अधिक पढ़ा-लिखा है, तो वह खेती कार्य को अच्छे से कर सकता है।

क्या कुछ ऐसे कोर्स हैं, जो युवाओं को पोलीहाउस में एक्सपर्ट बनाते हैं?

जी हां। डिप्लोमा कोर्स, तीन व छह माह के शॉर्ट टर्म कोर्स भी होते हैं। इसके अलावा विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर चलते रहते हैं।

हिमाचल में ऐसे कौन- कौन से संस्थान हैं, जो  पोलीहाउस का प्रशिक्षण देते हैं?

हिमाचल में नौणी विश्वविद्यालय, पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय, नेरी कालेज, कृषि व बागबानी विभाग द्वारा प्रशिक्षण दिए जाते हैं।

आय इस फील्ड में कितनी होती है?

इस फील्ड में आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं है। सामान्य किसान भी वर्ष भर में तीन से पांच लाख रुपए की आय अर्जित कर लेता है।

कभी पोली हाउस में फसलें खराब हो जाती हैं तो उसके बारे में कोई सुझाव दें।

कई बार ऐसा होता है कि पोलीहाउस सही जगह पर नहीं बना होता है, तो फसलें खराब होने का डर रहता है। इसके अलावा तापमान संतुलित न रहने की वजह से भी फसलें खराब हो सकती हैं। इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। समय-समय पर कृषि वैज्ञानिकों से सलाह लेते रहें।

इस फील्ड की चुनौतियां क्या हैं और क्या सरकार पोलीहाउस के लिए अनुदान देती है?

इस फील्ड में केवल वही व्यक्ति कामयाब हो सकता है, जो मेहनती है। सरकार द्वारा पोलीहाउस के लिए 40 से 80 प्रतिशत तक का अनुदान प्रदान किया जाता है।

जो युवा पोलीहाउस के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए कोई संदेश।

कृषि एक ऐसा क्षेत्र है, जिसमें काफी अधिक उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, इसलिए धैर्य बनाए रखें। कई बार ऐसा होता है कि कड़ी मेहनत करके पैदा की गई फसलों का अच्छा रेट नहीं मिल पाता है, तो ऐसे में मेहनत करना न छोड़ें और कृषि वैज्ञानिकों के संपर्क में बने रहें।

– मोहिनी सूद, नौणी

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App