बजूरी का जंगल दहका

By: Jun 14th, 2017 12:05 am

हमीरपुर  —  शहर के साथ लगता बजूरी का जंगल मंगलवार को आग की भेंट चढ़ गया। आग का मंजर देख लोगों के रौंगटे खड़े हो गए। देखते ही देखते चीड़ के पेड़ों सहित हजारों रुपए की वन संपदा स्वाह हो गई। जानकारी के अनुसार शहर के साथ लगते बजूरी के जंगल में अचानक आग लग गई। तूफान के कारण आग देखते ही देखते पूरे जंगल में फैल गई। जंगल के साथ लगती बैंक कालोनी के कुछ रिहायशी मकानों को आग ने चारों तरफ से घेर लिया। इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र हमीरपुर को दी गई। विभागीय गाड़ी करीब एक बजे आग पर काबू पाने के लिए रवाना हो गई। सबसे पहले रिहायशी मकानों के पास पहुंची आग को नियंत्रण में किया गया। पूरे जंगल से आग का धुआं उठ रहा था। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने जंगल की आग को बुझाना शुरू किया। तपती दोपहरी में कर्मचारियों ने करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रण में किया। बताया जा रहा है इस आगजनी में हजारों रुपए की वन संपदा राख हो गई है।  इस बारे में अग्निशनम अधिकारी संतराम ने बताया कि मंगलवार को बजूरी के जंगल में आग लगी थी। इसमें वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। विभागीय कर्मचारियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रण में किया है।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App