खाना बनाती महिला पर झपटा तेंदुआ

By: Jul 6th, 2017 12:05 am

बड़ोह में किचन में घुस आया आदमखोर, शोर मचाने पर भागा

गगरेट— विकास खंड गगरेट के बड़ोह गांव में बुधवार सुबह एक तेंदुआ इस कद्र आदमखोर हो गया कि उसने किचन में खाना बना रही एक महिला पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने आकर जब शोर मचाया तो तेंदुआ महिला को लहूलुहान अवस्था में छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। महिला को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट लाया गया। यहां पर उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ग्राम पंचायत बड़ोह के अंतर्गत आने वाले भट्यिं वाला गांव की साठ वर्षीय पुष्पा शर्मा पत्नी फकीर चंद अपने घर के किचन में खाना बनाने में व्यस्त थी। तभी अचानक तेंदुआ किचन में आ पहुंचा और उसने पुष्पा देवी पर हमला बोल दिया। उसने पुष्पा शर्मा का दायां कंधा अपने जबड़े में दबा लिया। पुष्पा शर्मा के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग उसके घर की तरफ दौड़े और तेंदुए को देखकर सब सुन रह गए। लोगों ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिस पर तेंदुआ पुष्पा शर्मा को छोड़ कर जंगल की ओर भाग गया। तब तक पुष्पा शर्मा बुरी तरह से लहूलुहान हो चुकी थी। पुष्पा शर्मा को एक सौ आठ एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गगरेट लाया गया, यहां पर डाक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया है। ग्राम पंचायत बड़ोह के प्रधान ज्ञान चंद ने कुछ दिन पहले तेंदुआ उस पर भी झपटा था, लेकिन वह खुशनसीब रहा कि वह तेंदुए का शिकार नहीं बन पाया। इससे पहले तेंदुआ गांव के कई पालतू पशुओं को अपना शिकार बना चुका है, लेकिन जिस प्रकार अब यह आदमखोर हो रहा है उससे लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं है। ज्ञान चंद ने वन विभाग से मांग की है कि आदमखोर हो गए इस तेंदुए को पकड़कर इसके आतंक से निजात दिलाई जाए। उधर, वन मंडल अधिकारी आरके डोगरा का कहना है कि किन परिस्थितियों में तेंदुआ रिहायशी घर में घुसा इसकी विस्तृत रिपोर्ट वन कर्मियों से मंगवाई जाएगी और उसी आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।

भारत मैट्रीमोनी पर अपना सही संगी चुनें – निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App