उद्घाटन से पहले टूटा करोड़ों का बांध

By: Sep 21st, 2017 12:04 am

नीतीश कुमार करने वाले थे लोकार्पण, जांच के आदेश

NEWSपटना— बिहार में भागलपुर के कहलगांव में करीब 389.31 करोड़ की लागत से बना बांध उद्घाटन से पहले ही टूट गया। बांध के टूटने से कई इलाकों में गंगा का पानी घुस गया है। इस बांध को गंगा पंप नहर योजना के तहत तैयार किया गया था। जानकारी मिलते ही जिला के सभी आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे कहलगांव में बाढ़ सा नजारा दिख रहा है। एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुट गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस पंप नहर योजना का बुधवार को उद्घाटन करने वाले थे। फिलहाल सीएम का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। 40 साल बाद पूरा हुए इस नहर परियोजना की नहर कहलगांव के एनटीपीसी मुरकटिया के पास टूट गई। बिहार और झारखंड की इस साझा परियोजना के जरिए जरिए भागलपुर में 18620 हेक्टेयर तथा झारखंड के गोड्डा जिला की 4038 हेक्टयर भूमि सिंचित होगी। इस परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अलावा जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा कहलगांव के विधायक सदानंद सिंह भाग लेने वाले थे। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री ने  विभागीय प्रधान सचिव को मामले की जांच का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्री सिंह ने बताया कि इस नहर का निर्माण वर्ष 1985-88 के बीच किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App