कांगड़ा रैली में हुंकार भरेंगे नड्डा

By: Sep 21st, 2017 12:04 am

केंद्रीय मंत्री का हिमाचल प्रवास तय, तीसरे दिन जाएंगे शिमला

newsबिलासपुर— प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में 22 सितंबर को युवा रैली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ चुनावी हुंकार भरेंगे। इस बाबत नड्डा का हिमाचल दौरा फाइनल हो गया है और वह दो दिन तक कांगड़ा में स्थानीय कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करवाने के साथ-साथ हुंकार रैली में भी शिरकत करेंगे, जबकि तीसरे दिन शिमला में प्रस्तावित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय से जेपी नड्डा के हिमाचल दौरे का शेड्यूल तय हो गया है, जिसके तहत वह गुरुवार दोपहर 12ः20 पर गगल एयरपोर्ट पर उतरेंगे और पौने एक बजे कांगड़ा के लिए रवाना होंगे। यहां वह स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनका रात्रि ठहराव सर्किट हाउस में धर्मशाला में होगा। अगले दिन 22 सितंबर को सुबह नौ बजे श्री नड्डा कांगड़ा के लिए रवाना होंगे और दशहरा ग्राउंड में होने वाली रैली में शिरकत करेंगे। इसी प्रकार 23 सितंबर को जेपी नड्डा सुबह नौ बजे शिमला के लिए रवाना होंगे और वहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किए जाने वाले सेमिनार और न्यू इंडिया पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे और दोपहर अढ़ाई बजे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे। दूसरी ओर बिलासपुर के धौलरा मंदिर परिसर में नवरात्र के दौरान आयोजित किए जाने वाले दुर्गा पूजा उत्सव में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी शिरकत करेंगे, हालांकि अभी तक इस बाबत बिलासपुर दौरे का शेड्यूल तय नहीं है।

जिला भाजपा में भरेंगे जोश, देंगे एकता का संदेश

सूत्र बताते हैं कि जेपी नड्डा कांगड़ा जिला में भाजपा कार्यकर्ताओं की टोह भी लेंगे। पार्टी नेताआें के बीच संतुलन बिठाकर हुंकार रैली में शाह के समक्ष पार्टी की एकजुटता का संदेश भी देंगे। नड्डा प्रवास के पहले दिन कांगड़ा में प्रस्तावित स्थानीय कार्यक्रमों में मोदी सरकार की उपलब्धियों से जनता को अवगत करवाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App