नालागढ़ में रेडक्रॉस मेला 25 से 27 सितंबर तक

By: Sep 13th, 2017 12:10 am

newsनालागढ़, बीबीएन —  नालागढ़ में उपमंडल स्तर पर तीन दिवसीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन इस वर्ष 25, 26 तथा 27 सितंबर, 2017 को किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमंडलाधिकारी नालागढ़ आशुतोष गर्ग ने दी। आशुतोष गर्ग ने कहा कि रेडक्रॉस समिति अपनी स्थापना के समय से ही पीडि़त मानवता की सेवा में जुटी हुई है। इस मेले के आयोजन से प्राप्त होने वाली आय जहां रेडक्रॉस समिति को संबल प्रदान करेगी वहीं पीडि़त मानवता की सेवा में भी सहायता करेगी। उन्होंने उपमंडल स्तर पर स्थापित उद्योगों, विभिन्न संस्थाओं तथा आमजन से आग्रह किया कि वे पीडि़त मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस समिति के लिए उदारतापूर्वक अंशदान करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले में विभिन्न स्टाल, प्रदर्शनियां एवं त बोला आयोजित किया जाएगा। इनके लिए 17 सितंबर, 2017 तक तहसीलदार नालागढ़ को आवेदन करना होगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अधिक जानकारी तहसीलदार नालागढ़ से प्राप्त की जा सकती है। विभिन्न प्रदर्शनियों, स्टाल इत्यादि से प्राप्त आय रेडक्रॉस समिति को प्रदान की जाएगी। आशुतोष गर्ग ने कहा कि रेडक्रॉस मेले में स्कूली बच्चों के लिए 100, 200, 500 तथा 800 मीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। कबड्डी, वालीबाल, खो-खो तथा क्रॉस कंट्री प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। 16 सितंबर, 2017 तक प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्रों के नामों को विद्यालय स्तर की समितियों द्वारा अन्तिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ में आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान डीएसपी डा. साहिल अरोड़ा, खंड चिकित्सा अधिकारी कुलदीप जसवाल सहित विभिन्न अधिकारी एवं स्कूलों के प्रतिनिधि बैठक में उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App