पंजाब के युवा सीखेंगे पहाड़ चढ़ना

By: Sep 14th, 2017 12:05 am

मनाली —  युवा सेवाएं विभाग पंजाब के दिशा-निर्देश से पंजाब के दूरदराज क्षेत्रों के 22 जिलों के एनएसएस स्वयंसेवियों के लिए हाइकिंग ट्रैकिंग कैंप लगाया गया है। दस दिनों तक चलने वाले इस कैंप में 120 स्वयंसेवी भाग ले रहे है। कैंप के को-ऑर्डिनेटर अरुण कुमार शर्मा, कैंप कमांडर मनतेज सिंह की अगवाई में चल रहे इस दस दिवसीय कैंप का विधिवत शुभारंभ मनाली के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रूप सिंह ने किया। इस बारे में सुरिंदर सिंह ने बताया कि कैंप में स्वयंसेवियों को पांच दिन पर्वतारोहण करवाया जाएगा। इसके साथ साथ मनाली के समस्त पर्यटन स्थलों में भी घुमाया जाएगा। स्वयंसेवियों को रोहतांग दर्रे से भी रू-ब-रू करवाए जाएंगे। कैंप के बौद्धिक सत्र में लेक्चरर रणवीर सिंह, मनीष शिव सिंह, महेंद्र सिंह और गिरधारी लाल द्वारा स्वयंसेवियों को विभिन्न सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा। स्वयंसेवियों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता व भाईचारे को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवियों के व्यक्तित्व व सौंदर्य गुणों को निखारने के लिए कलात्मक मुकाबले भी करवाए जाएंगे। कैंप का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य रूप सिंह ठाकुर ने युवक सेवाएं विभाग के प्रयासों की सराहना की और स्वयंसेवियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विशाल व सुरेंद्र भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App