हिंदी दिवस क्यों मनाया जाता है

By: Sep 10th, 2017 12:05 am

14 सितंबर को पूरे देश में हिंदी दिवस मनाया जाता है। सरकारी विभागों में हिंदी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। साथ ही हिंदी प्रोत्साहन सप्ताह का आयोजन किया जाता है। स्कूलों में भी हिंदी प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाती हैं। हिंदी भारत में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है और इसे राजभाषा का दर्जा प्राप्त है। 14 सितंबर 1949 को संविधान सभा में हिंदी को राजभाषा का दर्जा दिया गया था। हिंदी के महत्त्व को बताने और इसके प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति के अनुरोध पर 1953 से प्रतिवर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 1918 में हिंदी साहित्य सम्मेलन में भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए पहल की थी। गांधी जी ने हिंदी को जनमानस की भाषा भी बताया था।

इस पर साल 1949 में स्वतंत्र भारत की राजभाषा के प्रश्न पर 14 सितंबर, 1949 को काफी विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया, जिसे भारतीय संविधान के भाग 17 के अध्याय की धारा -343 में बताया गया है कि राष्ट्र की राज भाषा हिंदी और लिपि देवनागरी होगी। क्योंकि यह निर्णय 14 सितंबर को लिया गया था, इसी वजह से इस दिन को हिंदी दिवस के रूप में घोषित कर दिया गया, लेकिन जब राजभाषा के रूप में हिंदी को चुना गया, तो गैर हिंदी भाषी राज्य खासकर दक्षिण भारत के लोगों ने इसका विरोध किया। फलस्वरूप अंग्रेजी को भी राजभाषा का दर्जा देना पड़ा। आज के समय में हिंदी भाषा लोगों के बीच से कही-न-कहीं गायब होती जा रही है और इंग्लिश ने अपना प्रभुत्व जमा लिया है। यदि हालात यही रहे तो वह दिन दूर नहीं जब हिंदी भाषा हमारे बीच से गायब हो जाएगी। हमें यदि हिंदी भाषा को संजोए रखना है तो इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ाना होगा। सरकारी कामकाज में हिंदी को प्राथमिकता देनी होगी, तभी हिंदी भाषा को जिंदा रखा जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App