अतीत में लौटी राम नगरी अयोध्या

By: Oct 20th, 2017 12:05 am

फूलों से सजे हेलिकॉप्टर से आए राम, सीएम योगी ने किया स्वागत

अयोध्या —  मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में त्रेता युग का एहसास दिलाने के लिए गाजे-बाजे के साथ और जयश्रीराम नारों के बीच साकेत महाविद्यालय से निकली ग्यारह झांकियों का रामकथा पार्क में राज्यपाल राम नाइक तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया।  श्री नाइक और श्री योगी की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्रीराम का रामकथा पार्क में राज्याभिषेक किया। इस शोभा यात्रा में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक की ग्यारह झांकियां निकाली गई। बड़ी खूबसूरती के साथ ग्यारह झांकियों को रथों पर सजाया गया था। इसमें भगवान राम, लक्ष्मण, सीता सहित उनसे संबंधित विग्रहों को सजाया गया था। राम लक्ष्मण और सीताजी के रुप में सजाए गए बालकों की छटा अनूठी लग रही थी। लग रहा था कि त्रेता युग की तरह वास्तव में भगवान श्रीराम की वन से वापसी हो रही है। शोभा यात्रा में सबसे आगे बैंड-बाजा और उसके पीछे संत-धर्माचार्य के साथ-साथ झांकियां चल रही थीं। शोभा यात्रा प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर से होते हुए रामकथा पार्क पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने झांकियों पर फूल वर्षा की। प्रशासन ने सुरक्षा के पोख्ता इंतजाम किया है। श्रीलंका से पुष्पक विमान से श्रीराम की वापसी हुई थी। उसी की तरह हवाई पट्टी फैजाबाद से भगवान राम, सीता व अनुज लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ रामकथा पार्क में हेलिकाप्टर से लाया गया। हेलिकाप्टर को पुष्पक विमान का स्वरूप दिया गया था। हवाई पट्टी पर ही श्रीराम अपने छोटे भाई भरत से मिले। हवाई पट्टी को नंदीग्राम (भरतकुंड) माना गया। मान्यताओं के अनुसार अयोध्या के दक्षिणी छोर पर स्थित भरतकुंड पर ही राम भरत मिलाप हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App