खेल महाकुंभ का आगाज

By: Oct 16th, 2017 12:02 am

उपायुक्त रोहतास खरब ने यमुनानगर के खेल परिसर में किया कार्यक्रम का शुभारंभ

यमुनानगर —  हरियाणा स्वर्ण जंयती वर्ष खेल महाकुंभ के अंतर्गत खेल एवं युवा कायक्रम विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भारतोलन व लॉन टेनिस की प्रतियोगिताएं यमुनानगर के तेजली खेल परिसर में आयोजित करवाई जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली इन खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ उपायुक्त रोहतास सिंह खरब ने किया व इन खेल प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्गों के प्रदेश के 22 जिलों की 350 महिला खिलाड़ी व 750 पुरूष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ की भारतोलन व लॉन टेनिस खेलों की प्रतियोगिता के शुभारंभ पर सभी 22 जिलों के महिला व पुरूष खिलाडियों तथा खेल स्कूल राई के खिलाडियों ने मार्च पास्ट किया। मार्च पास्ट दयानंद सीनियर सैकेंडरी स्कूल मॉडल टाऊन व डीएवी कन्या स्कूल मॉडल टाऊन के विद्यार्थियों ने बैंड बजाया। न्यू हैपी स्कूल आईटीआई द्वारा स्वागत गीत का सुंदर गायन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इन राज्य स्तरीय खेलों का समापन 18 अक्तूबर को प्रातः 11 बजे होगा, जिसमें हरियाणा विधानसभा के स्पीकर कंवर पाल विजेता खिलाडिय़ों को सम्मानित करेंगे। खेल महाकुंभ-2017 की भारतोलन व लॉन टेनिस खेलों की प्रतियोगिताओं का ध्वजारोहण कर शुभारंभ करते हुए उपायुक्त रोहतास सिंह खरब ने कहा कि खेल मनुष्य के जीवन में सर्वागीण विकास में अहम योगदान रखते हैं। उन्होंने कहा कि खेल का यौवन अवस्था में अपने जीवन में उतार कर हम स्वर्णिम अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल के प्रति बढ़ती रूचि से जहां खिलाडि़यों में उत्साह बढ़ रहा है वहीं खिलाडि़यों को बड़े.बड़े ईनाम देकर सरकार खेलने के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन खेल प्रतियोगिताओं के खिलाडि़यों के ठहरने व खान-पान के उचित प्रबंध किए जाएं, जिस पर संबंधित अधिकारियों उन्हें आवगत करवाया कि विभाग द्वारा खिलाडियों के लिए सभी प्रकार के उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खेलों को खेल की भावना से खेलें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App