चुनावी दंगल में कूदे महेंद्र सिंह ठाकुर

By: Oct 18th, 2017 12:10 am

धर्मपुर से कार्यकर्ताओं संग भरा नामाकंन

मंडी, धर्मपुर – विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन भरने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूरे जिला में सबसे पहले धर्मपुर विस के भाजपा विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने नामाकंन पत्र भरा है। इसके लिए नामाकंन भरने के दूसरे दिन जिला से किसी और ने नामांकन नहीं भरा है। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार पिछले छह चुनाव जीत चुके व वर्तमान में विधायक महेंद्र सिंह ठाकुर ने मंगलवार को भाजपा टिकट से नामांकन पत्र भर अपने सातवें चुनाव अभियान की शुरुआत की दी है। मंगलवार को महेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं के साथ ढोल नगाड़ों की थाप के बीच सुबह साढे़ 11 बजे के लगभग अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं नामांकन पत्र भरने के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर ने सुबह धर्मपुर बाजार सहित उपमंडल मुख्यालय के सभी सरकारी दफ्तरों में जाकर लोगों से समर्थन की अपील की। मंगलवार सुबह से ही भाजपा के धर्मपुर दफ्तर में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। इसके बाद जब महेंद्र सिंह नामांकन दाखिल करने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों व फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में खूब जोश भी देखने को मिला। वहीं नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद महेंद्र सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा हाइकमान ने सर्वे के आधार पर टिकट आबंटन किया है और पूरे प्रदेश में भाजपा की जो लहर चल रही है, उसमें कांग्रेस का सूपड़ा साफ  हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार भी धर्मपुर में कमल खिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि घर-घर जाकर केंद्र सरकार की नीतियों को पहुंचाकर लोगों से वोट मांगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही धर्मपुर में रुके पड़े विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App