धमाके से सहमा कन्याल

By: Oct 12th, 2017 12:10 am

news newsमनाली —  कन्याल गांव में सुबह सात बजे जोरदार धमाका होने से सोजोरन कॉटेज को 20 लाख का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार सुबह सात बजे कॉटेज में जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतने जोर से हुआ की तीन किलोमीटर दूर रहने वाले ग्रामीण भी सहम उठे। धमाके से कॉटेज के सभी शीशे टूट कर चकनाचूर हो गए। किचन और साथ लगते कमरों की दीवारें भी टूट गई। लॉन में रखे झूले भी उड़कर दूर जा गिरे। कॉटेज का सारा फर्नीचर भी चकनाचूर हो गया। कॉटेज के जिस भाग पर धमाका हुआ है, उस भाग पर रसोई है और गैस सिलेंडर भी रखे हुए हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि यह हादसा गैस लीक होने से हो सकता है। कॉटेज के मालिक व कन्याल के ग्रामीण सर्वजीत सिंह पुत्र अमरजीत सिंह ने बताया कि वे कल शाम अपने घर मलाली चले गए थे। सुबह पड़ोसी ने फोन पर बताया कि कॉटेज में धमाका हुआ है, जब मौके पर पहुंचा तो सारा सामान तहस-नहस हो चुका था। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा की यह दुर्घटना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से उन्हें लगभग 20 लाख का नुकसान हुआ है। पड़ोसी व ग्रामीण जगदेव ठाकुर ने बताया कि लगभग सात बजे सुबह जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर कॉटेज आया तो मंजर हैरान करने वाला था। उन्होंने बताया कि गांव में इस तरह की यह पहली घटना है। उन्होंने बताया कि उनके घर की एक खिड़की का भी शीशा टूट गया है। डीएसपी मनाली पुनीत रघु ने बताया कि प्राथमिकी जांच में पाया गया है कि यह हादसा गैस का रिसाव होने से हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App