नए साल में नई जोडि़यां

By: Oct 17th, 2017 12:04 am

साल 2017 में बाहुबली-2, बद्रीनाथ की दुल्हनिया, जॉली एलएलबी-2, काबिल, जुड़वां-2 और हिंदी मीडियम को छोड़ दें तो बाकी दूसरी फिल्में कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं। ऐसे में फिल्म मेकर्स की नजर अब 2018 पर है। यही वजह है कि अगले साल बड़े पर्दे पर कई नई जोडि़यां नजर आने वाली हैं। डायरेक्टर जोया अख्तर की फिल्म गली ब्वॉयज में पहली बार रणवीर सिंह और आलिया भट्ट स्क्रीन शेयर करेंगे। यह फिल्म 2018 में रिलीज होगी। उधर, डायरेक्टर अहमद खान की फिल्म बागी-2 में टाइगर श्रॉफ के साथ उनकी गर्लफ्रेंड दिशा पटानी पहली बार स्क्रीन पर नजर आएंगी। इसके अलावा बड़ी फिल्मों में डायरेक्टर आर बाल्की की फिल्म पैडमैन में अक्षय कुमार और राधिका आप्टे पहली बार स्क्रीन पर साथ नजर आएंगे। वरुण धवन और अनुष्का शर्मा डायरेक्टर शरत कटारिया की फिल्म सुई-धागा में पहली बार साथ नजर आएंगे। सुशांत सिंह राजपूत और जैकलीन फर्नांडीज पहली बार डायरेक्टर तरुण मनसुखानी की फिल्म ड्राइव में साथ नजर आएंग। डायरेक्टर नीरज पांडेय की फिल्म अय्यारी में सिद्धार्थ मल्होत्रा और आर प्रीत सिंह रोमांस करते दिखाई देंगे। डायरेक्टर अतुल मांजरेकर की फिल्म फन्ने खां में ऐश्वर्या राय पहली बार राजकुमार राव के साथ रोमांस करतीं दिखेंगी। फिल्म ड्रैगन में पहली बार रणबीर कपूर आलिया भट्ट के साथ सिल्वर स्क्रीन पर रोमांस करते दिखाई देंगे। अभिषेक कपूर की फिल्म केदारनाथ में सुशांत सिंह राजपूत, सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान से रोमांस करते नजर आएंगे। सारा की ये डेब्यू मूवी है। फिल्म राजी में आलिया भट्ट पहली बार विकी कौशल के साथ स्क्रीन शेयर करतीं दिखेंगी। संजय दत्त बायोपिक में रणबीर कपूर पहली बार दीया मिर्जा के साथ नजर आएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App