बेटी की लाश के पास प्रदर्शन

By: Oct 12th, 2017 12:10 am

newsबंगाणा —  बंगाणा थाना के तहत सतरूखा में विवाहिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर भी मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। ससुराल पक्ष के लोगों ने मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारियां कर ली थी, लेकिन मायके वालों ने ससुराल में पहुंचकर अंतिम संस्कार करने से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। हालांकि पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद मृतक महिला का अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन मायके वाले आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते गुस्साये रहे। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सतरूखा की विवाहिता प्रेमलता द्वारा कथित तौर पर जहर निगलने का मामला सामने आया था। इसके चलते परिजनों ने गंभीर रूप में स्वास्थ्य संस्थान पहुंचाया। यहां से महिला को पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रैफर कर दिया, लेकिन वहां पर महिला की मौत हो गई।  जब परिजन वापस शव लेकर घर जा रहे थे तो मायके वालों ने डुमखर के पास चक्का जाम कर दिया। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाया। इसके चलते पुलिस ने बाकायदा मामला भी दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपियों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। मृतक विवाहिता की मां सुनीता देवी ने उनकी बेटी को उसके पति और सास पर दहेज के लिए प्रताडि़त करने के आरोप लगाए हैं। वहीं, बुधवार को जब मृतका का अंतिम संस्कार करने की औपचारिकताएं पूरी की जा रही थी तो मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। करीब आधा घंटे तक हुए इस विवाद के बाद अंतिम संस्कार हुआ। बहरहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं, जल्द ही इस मामले में संलिप्त आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App