सऊदी अरब में चार भारतीय जिंदा जले

By: Oct 17th, 2017 12:02 am

महराजगंज— सउदी अरब की राजधानी रियाद में फर्नीचर कंपनी में आग लगने से 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार भारतीय युवक शामिल हैं। ये चारों युवक यूपी के महराजगंज के हैं। परिजनों को हादसे की जानकारी सोमवार सुबह हुई। इनमें नौतनवा क्षेत्र के तीन युवक एक ही परिवार के हैं। चौथा घुघली के करमही गांव का है। नौतनवा क्षेत्र के बैरवा चंदनपुर निवासी रहमतुल्लाह व जाकिर हुसैन अपने बड़े पिता के लड़के बसीर अहमद के साथ रियाद की अजिजिया फर्नीचर कंपनी में काम करते थे। उन्हीं के साथ घुघली क्षेत्र के करमही निवासी रफीक भी रहता था। रविवार को सभी काम करके वहीं कंपनी में ही सो गए। इस बीच, शार्टसर्किट हुई और पूरी कंपनी में आग फैल गई। ऐसे में वहां सो रहे सभी 11 मजदूर और कारगिरों की मौत हो गई। हादसे की खबर सोमवार सुबह अख्तर के फूफा एहसान ने परिजनों को दी। वह भी रियाद में ही रहते हैं। परिजनों ने बताया कि रहमतुल्लाह दूसरी बार रियाद काम के लिए गया था। उसको गए तीन वर्ष हो गए। जाकिर दो वर्ष से ही वहीं पर है। यूनुस छह वर्ष से वहीं पर था। रफीक भी घर की आर्थिक स्थिति सही करने के लिए करीब दो वर्ष से वहीं पर था। दीवाली के बाद वह घर आने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी बीच हादसे में उसकी जान चली गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App