सुहाग की लंबी उम्र के लिए न भूख-न प्यास

By: Oct 9th, 2017 12:05 am

ऊना —  इन्नर व्हील क्लब ऊना द्वारा रविवार को करवाचौथ के पावन पर्व पर होटल सुविधा पैलेस में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधीश ऊना की पत्नी शैलजा लाबरू ने विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम का संचालन सांची दीपिका बस्सी ने किया। महिलाएं शृंगार व गहनों से सजधज कर इस त्योहार में शामिल हुई। कार्यक्रम में महिलाओं ने विधि पूर्वक पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ सरगी का आदान-प्रदान भी किया। महिलाओं को करवाचौथ के व्रत की कथा भी सुनाई गई। शैलजा लाबरू ने कहा कि यह त्योहार महिलाओं के लिए अहम है। इस दिन महिलाएं पति की लंबी उम्र व अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ करवाचौथ के व्रत में और अधिक अपनापन व स्नेह आया है। उन्होंने कहा कि इस दिन को जहां महिलाओं द्वारा पति के लिए किए गए व्रत के रूप में जाना जाता है, वहीं वर्तमान में पति भी महिलाओं की इच्छाओं का विशेष ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा कि त्योहार का मकसद आपसी मेलजोल बढ़ाना व पति-पत्नी के संबंधों को मजबूती प्रदान करना है। इस अवसर पर इन्नर व्हील की प्रधान सुमन पुरी ने कहा कि करवाचौथ के व्रत को इस आयोजन से अहम दिन बनाने में मदद मिली है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App