हिमाचल में होगा रजवाड़ाशाही का अंत
ऊना — प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व ऊना सदर से भाजपा प्रत्याशी सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि हिमाचल में अब रजवाड़ाशाही का अंत होने वाला है। जनता रजवाड़ाशाही का अहंकार तोड़ेगी। उन्होंने कहा कि रिटायर्ड व टायर्ड लोगों व माफिया की सरकार को घर बिठाया जाएगा। सतपाल सत्ती रविवार को ऊना सदर विस क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान लोगों से मिले। सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश की जनता समझ गई है कि पांच वर्षों में हिमाचल के सिर को झुकाने का काम वीरभद्र सिंह ने किया है। कांग्रेस शासन में माफिया के लोगों ने हिमाचल की संपदा को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के गौरव को भाजपा वापस लौटाएगी। हिमाचल को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएगी। जिन्होंने गलत किया है, उसका हिसाब भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निष्पक्ष, निर्भीक और पारदर्शी शासन जनता को भाजपा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया है। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए कोई कदम कांग्रेस की सरकार नहीं उठाया है। कांग्रेस ने विकास में भेदभाव किया है। केंद्र की योजनाओं को जमीन पर उतारने में लापरवाही की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल व केंद्र में भाजपा की सरकार होगी तो मिलकर के प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दिवालिया इसी से सामने आता है कि आज उनके पास भ्रष्टाचार से मुक्त कोई नेता नहीं है। वीरभद्र सिंह के ब्लैकमेल के आगे कांग्रेस की हाइकमान भी दबाव में झुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सबसे बुरी पराजय होने जा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी समय-समय पर जो चार्जशीट बनाई है, उस सब आरोपों पर कड़ी कार्रवाई भाजपा सरकार आने पर की जाएगी। इस अवसर पर भाजपा नेता तिलक राज सैणी, राजेश कौशल, डा. जीएस दीवान, अंबिका दत्त, सागर दत्त भारद्वाज, ओम प्रकाश लूंगा, हरदयाल सिंह व भूपिंद्र सिंह आदि उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App