ऊना की बनगढ़ जेल में कैदी की संदिग्ध मौत

By: Nov 19th, 2017 12:02 am

ऊना – जिला ऊना के तहत बनगढ़ जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। कैदी के मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। मृतक की पहचान राजेंद्र कुमार (25) पुत्र देवानंद निवासी वार्ड नंबर एक नालागढ़ के रूप में हुई है। वहीं, कैदी के परिजनों ने इस मामले में गहन छानबीन की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार राजेंद्र कुमार दुष्कर्म मामले में बनगढ़ जेल में बंद था। शुक्रवार को बनगढ़ जेल के कर्मचारी राजेंद्र को नालागढ़ में पेशी के लिए ले गए थे। करीब साढ़े चार बजे कैदी को वापस बनगढ़ जेल पहुंचाया गया। इस दौरान पुलिस की ओर से कैदी की तलाशी भी ली गई। इस दौरान कैदी ने खाना भी खाया। हर रोज की तरह सुबह करीब छह बजे डोर कॉल की गई। इस दौरान जेल कर्मचारियों को सभी कैदी दिखाई दिए, लेकिन राजेंद्र नहीं था। इसके चलते कर्मचारियों ने इसकी तलाश की तो पाया गया कि राजेंद्र जेल के अंदर ही अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। जेल प्रशासन की ओर से तुरंत राजेंद्र को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने राजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इसकी सूचना जेल प्रशासन की ओर से उच्च अधिकारियों को भी दी गई। उधर, मृतक राजेंद्र के भाई सुरिंद्र पाल ने कहा है कि उन्हें उनके भाई के बीमार होने की सूचना दी गई थी। बाद में यहां पहुंचने पर मौत के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि उनका भाई नालागढ़ में पेशी पर गया था तो उस दौरान वह बिलकुल ठीक था, लेकिन अचानक ही उनके भाई की मृत्यु हो गई। उन्होंने मांग की कि इस मामले की गहन जांच की जाए। उधर, जेल अधीक्षक एवं एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह ने बताया कि विचाराधीन कैदी की मौत के बारे में जिला सत्र न्यायधीश व उपायुक्त के साथ ही हैड क्वार्टर अवगत करवा दिया गया है। इस मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं, एएसपी ऊना ने कहा कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App