रॉक ऑन से सुर्खियों में आए अर्जुन रामपाल

By: Nov 26th, 2017 12:05 am

अर्जुन रामपाल हिंदी फिल्मों के अभिनेता, निर्माता, मॉडल और टेलीविजन एंकर हैं। वह बॉलीवुड फिल्मों में जाना पहचाना नाम हैं। उनके द्वारा निभाए गए कई किरदारों के लिए उनकी काफी प्रशंसा भी हुई है। उन्हें फिल्म ‘रॉक ऑन’ के लिए सहायक अभिनेता के तौर पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका है।

पृष्ठभूमि

अर्जुन रामपाल का जन्म जबलपुर, मध्यप्रदेश में हुआ था। उनकी एक बहन भी हैं। अर्जुन ने सेंट पैट्रिक स्कूल, देवलाली, महाराष्ट्र से पढ़ाई की है जहां उनकी मां भी अध्यापिका थीं। अर्जुन रामपाल की शादी पूर्व मिस इंडिया और सुपरमॉडल रहीं मेहर जेसिया से हुई है। उनकी दो लड़कियां हैं माहिका और मायरा। अर्जुन रामपाल ने अपना करियर बतौर मॉडल शुरू किया था। मगर बाद में उन्होंने एक्टर, प्रोड्यूसर और टीवी होस्ट के रूप में भी पहचान बनाई।  अर्जुन ने अपना एक्टिंग डेब्यू साल 2001 में फिल्म ‘प्यार इश्क और मोहब्बत’ से किया था। इस फिल्म में उनका किरदार एक मॉडल का ही था। उन्होंने अपने अभिनय और काबिलीयत से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। नवोदित अभिनेता के तौर पर उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार में नामांकन भी मिला। स्टार स्क्रीन और आइफा अर्वाड्स में उन्हें नवोदित अभिनेता का पुरस्कार भी मिला।  मगर अर्जुन रामपाल को पहली कॉमर्शियल सफलता साल 2007 में आई फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से मिली थी। हालांकि इस फिल्म में अर्जुन रामपाल ने विलेन का किरदार निभाया था। इस फिल्म का निर्देशन फराह खान ने किया था। लीड रोल शाहरुख खान ने निभाया था।  इसी फिल्म से दीपिका पादुकोण ने भी अपना करियर शुरू किया था। इस फिल्म के बाद अर्जुन रामपाल के करियर को नई गति मिली। इसके बाद साल 2008 में आई फिल्म रॉक ऑन में अर्जुन रामपाल की एक्टिंग को सराहा गया। इस फिल्म के लिए अर्जुन रामपाल को नेशनल अवार्ड के साथ ही फिल्म फेयर अवार्ड भी मिला। इन दिनों अर्जुन रामपाल रॉक ऑन के सीक्वल की शूटिंग को लेकर व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ श्रद्धा कपूर भी नजर आएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App