शाखा डाकघर… न रसीदें-न पार्सल बुक

By: Nov 21st, 2017 12:05 am

अवाहदेवी — उपमंडल  धर्मपुर  की टीहरा उपतहसील के शाखा डाकघरों में पिछले एक महीने से  रसीद बुक एवं पार्सल बुक  न होने से  सैकड़ों लोगों,  निजी व सरकारी संस्थानों  को जरूरी दस्तावेज भेजने तथा रजिस्ट्री पोस्ट न होने से भारी समस्याओं का सामना करना  पड़ रहा है।  यही हाल भारतीय डाकघर के शाखा डाकघर कांगो का गहरा का है। यहां आलम यह है कि बीते एक महीने से रसीद बुक एवं पार्सल बुक उपलब्ध नहीं हो पा रही है।  यही नहीं  इस समस्या के बारे में लेखाधिकारी को अवगत कराया जाता है, परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों को अवाहदेवी, टीहरा में स्थापित उपडाकघरों में जाकर महंगी ऑनलाइन रजिस्टर्ड पोस्ट करवानी पड़ रही है।  स्थानीय लोगों रविंदर कुमार, अमित कुमार, प्रेम सिंह, तारा चंद, बलदेव, प्रताप चांद, मनोहर लाल, विनोद कुमार, विनय कुमार, विवेक कुमार, राजेश कुमार, राजू, ओम चंद, पवन, जगदीश चंद, संजीव ठाकुर, संजय, राहुल, कंचना देवी इत्यादि ने बताया कि पिछले एक महीने से यह समस्या आ रही है।   उन्होंने डाक विभाग से  इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है और जल्द ही शाखा कार्यालयों  में रसीद बुक एवं पार्सल बुक तथा ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। बता दें कि क्षेत्र की शाखा डाकघरों के आसपास सरकारी स्कूल ,पंचायत घर, स्वास्थ्य उपकेंद्र व करीब आधा दर्जन निजी स्कूल हैं व स्कूल कर्मचारियों  तथा स्थानीय लोगों को डाक भेजनी में कठिनाई  पैदा हो रही है। इस बारे में एसपीएम टीहरा ज्ञान चंद ने बताया कि विभाग को अवगत करवा दिया गया है। जैसे ही रसीद एवं  पार्सल  बुक प्राप्त होंगी, तुरंत  शाखा  डाकघरों में भेज दी जाएंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App