कांग्रेस की कमर तोड़ गए कांगड़ा-चंबा-मंडी

By: Dec 19th, 2017 12:06 am

कांगड़ा जिला की 15 में से 11 सीटों पर लहराया भगवा

धर्मशाला – प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कांगड़ा जिसका साथ देता है, हिमाचल में सरकार उसकी ही बनती है। पिछली बार कांग्रेस को 10 सीटें देकर कांगड़ा ने सरकार बनाई थी। इस बार कांगड़ा की जनता ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा को 11 सीटें देकर भगवा लहराया है। कांगड़ा ने पिछली बार पूर्व मंत्री किशन कपूर और  रमेश धवाला जैसे दो मंत्रियों को हराकर भाजपा को सत्ता से बाहर किया था, वहीं इस बार कांग्रेस के दिग्गज नेताआें जीएस बाली और सुधीर शर्मा को भी हार का स्वाद चखा दिया। इतना ही नहीं, कांगड़ा ने इस बार सात नए चेहरों को चुनकर विधानसभा में भेजा है। भाजपा को कांगड़ा, पालमपुर और फतेहपुर में प्रत्याशी चयन ही ले डूबा वरना जिला में मोदी लहर कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर देती, जबकि टिकट कटने वाले किशन कपूर अंतिम दौर में टिकट मिलने के बावजूद जीत गए। इतना ही नहीं, देहरा की जनता ने भी आजाद प्रत्याशी होशियार सिंह को जिताकर धरती पुत्र के नारे को साबित कर दिया। कांगड़ा के जिला मुख्यालय धर्मशाला की जनता ने एक बार फिर मंत्री बनने के लिए ही विधायक का चुनाव किया। इसके लिए उन्होंने पूर्व की तरह पिछले मंत्री को घर बैठा दिया। कांगड़ा भाजपा में आंतरिक कलह होने के बावजूद पार्टी हाइकमान का डंडा व संगठनात्मक एकजुटता के चलते मात्र तीन हल्कों में ही बागी पार्टी पर भारी पड़े।

विकास के साथ व्यवहार को तरजीह

विकास के साथ जनता ने प्रत्याशी के व्यवहार को भी अधिक तवज्जो दी। ज्वालामुखी से संजय रतन और शाहपुर से केवल पठानिया भले ही लोगों के बीच में घुसे रहे और काम भी करते रहे, पर इनका व्यवहार इनके कामों पर हावी हो गया।

जिला से तीन ओबीसी नेता

जिला कांगड़ा ओबीसी बहुल होने के चलते इस वर्ग से तीन नेता विधानसभा पहुंचे हैं। इसमें कांगड़ा से पवन काजल, ज्वालामुखी से रमेश धवाला तथा शाहपुर से सरवीण चौधरी ने अपनी जीत दर्ज करवाई। इसके अलावा एसटी वर्ग से भी किशन कपूर एक बार फिर गद्दी नेता उभर कर सामने आए।

सात नए चेहरे आए सामने

विधानसभा चुनाव में इस बार उलटफेर भी हुआ है। देहरा में चले धरती पुत्र के नारे तथा पहली बार राजनीतिक मैदान में उतरे आजाद प्रत्याशी होशियार सिंह ने भी जनता के भारी बहुमत के चलते अपनी जीत दर्ज करवाई। आजाद प्रत्याशी के तौर पर मैदान में  उतरे होशियार सिंह ने भाजपा तथा कांग्रेस दोनों मुख्य पार्टियों के दिग्गज प्रत्याशियों को हराकर विधानसभा की टिकट कटवाई। जिला के सात हल्कों से नए चेहरे रविंद्र कुमार, होशियार सिंह, रीता देवी, अर्जुन ठाकुर, मुल्खराज प्रेमी, आशीष बुटेल तथा अरुण कुमार पहली बार मैदान में उतरे और जीत भी गए।

यहां नए चेहरे पसंद न आए

चुनाव में भाजपा को कुछ हलकों में प्रत्याशियों के चयन से भी हार कर का मुंह देखना पड़ा है। जिला के पालमपुर तथा फतेहपुर में भाजपा ने नए प्रत्याशियों पर दांव खेला था, लेकिन पार्टी के इस बदलाव को स्थानीय लोगों ने पसंद नहीं किया। कांगड़ा से पवन काजल ने भी भाजपा को दूसरी बार हार का मुंह दिखाया है।

डलहौजी से ही पूरी हो पाई कांग्रेस की ‘आशा’

पांच हलकों में से चार सीटें भाजपा की झोली में, एक कांग्रेस को

चंबा – हिमाचल विधानसभा चुनावों के सोमवार को घोषित नतीजों में भाजपा ने चंबा जिला में कांग्रेस को करारी हार दी है। जिला की चार सीटों चंबा, चुराह, भरमौर व भटियात में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत का परचम लहराया है। जिला में केवल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव आशा  कुमारी डलहौजी सीट से जीत दर्ज कर पार्टी की लाच बचा पाई हैं। चुराह व भटियात में भाजपा प्रत्याशियों ने लगातार दूसरी बार जीत का स्वाद चखा है वहीं चंबा सदर हल्के से प्रत्याशी बदलकर भाजपा ने जीत की हैट्रिक पूरी की है। घोषित नतीजों चंबा जिला के पांचों ह्रलकों में कुल 3014 ने नोटा का बटन दबाकर किसी प्रत्याशी को अपनी पसंद नहीं माना है। सोमवार को घोषित हुए नतीजों में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आशा कुमारी ने भाजपा के डीएस ठाकुर को कडे़ मुकाबले में 556 मतों से पराजित किया। आशा कुमारी को कुल 24224 और डीएस ठाकुर को 23668 मत मिले। भरमौर विधानसभा क्षेत्र से जिया लाल कपूर ने कांग्रेस के ठाकुर सिंह भरमौरी को 7349 मतों से पराजित कर जीत हासिल की। जिया लाल कपूर को 25744 और ठाकुर सिंह भरमौरी को 18395 मत पडे़। चंबा सदर हलके से पवन नैयर का भाजपा में शामिल होकर चुनाव लड़ना फायदेमंद रहा। उन्होंने हलके से कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैयर को 1879 मतों से मात दी। पवन नैयर को 26763 तथा नीरज नैयर को 24884 मत हासिल हुए। भटियात विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विक्रम जरयाल ने लगातार दूसरी मर्तबा जीत हासिल की। विक्रम जरयाल को 29119, जबकि राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप सिंह पठानिया को 22234 मत पडे। विक्रम जरयाल 6885 मतों से विजय घोषित हुए हैं। चुराह से हंसराज ने भी अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखा। हंसराज ने 4944 मतों से जीत हासिल की। हंसराज को 28293 तथा कांग्रेस के सुरेंद्र भारद्धाज को 23349 मत हासिल हुए। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंबा सुदेश कुमार मोख्टा का कहना है कि चंबा जिला की पांचों विस क्षेत्रों की मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से निपटा लिया गया है।

इस तरह रहा जिला का चुनाव

हलका     प्रत्याशी    जीत का अंतर

डलहौजी  आशा कुमारी556

भरमौर     जिया लाल            7349

चंबा       पवन नैयर 1879

भटियात   विक्रम जरयाल6885

चुराह      हंसराज    4944

प्रदेश में परिवर्तन की परंपरा

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने प्रतिक्रिया में कहा कि प्रदेश में दो दलीय प्रणाली अभी भी जारी है। इतिहास नहीं पलटा है, वोटर ने 5 साल के बाद फिर से भाजपा को मौका दिया है। कांग्रेस से कहां चूक रही, इसकी समय आने पर समीक्षा होगी।

नहीं दे सके वीरभद्र सरप्राइज

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुनाव आचार संहिता से पहले ऐलान किया था कि इन चुनावों में कांग्रेस बड़ा सरप्राइज देगी, मगर हैरानी की बात है कि पार्टी 25 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। अब यह सरप्राइज किस मायने में था, यह सामने नहीं आ सका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App