दिव्यांगों की हमदर्द कॉर्ड को पुरस्कार

By: Dec 5th, 2017 12:03 am

धर्मशाला— सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांग व्यक्ति सशक्तिकरण विभाग भारत सरकार द्वारा कॉर्ड प्रशिक्षण केंद्र सिद्धवाड़ी कांगड़ा को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। संस्था द्वारा दिव्यांग लोगों के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विश्व दिव्यांगता दिवस के मौके पर विज्ञान भवन दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र पॉल को पुरस्कार भेंट किया गया। गौर हो कि कॉर्ड प्रशिक्षण केंद्र सिद्धबाड़ी तपोवन धर्मशाला पिछले 32 वर्षों से दिव्यांगों के लिए एक नई ऊर्जा देने का कार्य कर रहा है। यह बहुमुखी ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के माध्यम से जिला कांगड़ा के 650 गांवों में कार्य कर रहा है। कॉर्ड ने पुनर्वास कार्यक्रम के तहत छह विकास खंडों के 1800 के करीब दिव्यांगों के लिए कार्य किया है। इसमें दिव्यांगों को प्रशिक्षण, रोजगार, पुनर्वास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवगमन एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कॉर्ड की राष्ट्रीय निदेशिका पद्मश्री डा. क्षमा मैत्रे के नेतृत्व में दिव्यांगों के विकास के लिए जिला भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें नाटकों, नुक्कड़ नाटकों, खेलों व सांस्कृतिक कार्यक्रमों द्वारा दिव्यांगों से जुड़े मुद्दों को जनमानस तक पहुंचाने के लिए जिला, ब्लॉक और पंचायत स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाने का सिलसिला लगातार जारी है। गौरतलब है कि कॉर्ड संस्था में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले दिव्यांग राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए मेडल ला रहे हैं। साथ ही दिव्यांगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इनमें चित्रकारी के माध्यम से देश-विदेश में भी पेंटिंग बेची जा रही हैं। राष्ट्रीय निदेशक पद्मश्री डा. क्षमा मैत्रे ने बताया कि दिव्यांगों के विकास के लिए कार्य करने की बजाय उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App